दूसरों का आदर करना सम्मानजनक है
अध्याय पचपन
2 शमूएल 1:17-18

Ron Meyers
17तब दाऊद ने शाऊल और उसके पुत्र योनातान के विषय यह विलापगीत बनाया, 18और यहूदियों को यह धुनष नामक गीत सिखाने की आज्ञा दी; यह याशार नामक पुस्तक में लिखा हुआ है :
दाऊद का यह विलाप लिखना उल्लेखनीय है, यह भजन संहिता में डाले के योग्य नहीं था, परन्तु फिर भी दूसरों को सम्मानित करने का एक सबक स्वयं में एक उल्लेखनीय बात है। हम देख सकते हैं कि दाऊद ने क्या महसूस किया, जैसा कि उसकी कविता में व्यक्त किया गया है और साथ ही उसने क्या किया जैसा कि दाऊद के जीवन के ऐतिहासिक विवरण में दिखाया गया है। इस कविता में दाऊद ने एक ऐसे व्यक्ति को भी सम्मानित किया, जिसने स्वयं उसका कड़ा विरोध किया था। यह कैसा चरित्र है!
1. शाऊल और योनातान के लिए दाऊद के विलाप के महत्व के बारे में अवलोकन।
किसी भी इतिहासकार की तरह, बाइबल के लेखक तथ्यों के बारे में मात्र विवरणों को ही ध्यान में रखकर नहीं लिखते हैं। इसके बजाय, वे विशिष्ट उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए लिखते हैं। यह कोई बुरी बात नहीं है, क्योंकि कोई भी सच लिख सकता है और फिर भी लेखन-कार्य के पीछे कुछ लक्ष्य होते हैं। परन्तु सामान्य तौर पर इतिहास के अभिलेखों में एक उद्देश्य या मंशा होती है। शाऊल की मृत्यु के बारे में मूल तथ्यों को वर्णित करने के अतिरिक्त, 1 और 2 शमूएल का लेखक यह स्पष्ट करना चाहता है कि दाऊद शाऊल के सिंहासन का सही उत्तराधिकारी था। 1 शमूएल के अध्याय 16 से आरम्भ करके हम देख सकते थे कि शमूएल की बैतलहम की यात्रा को ध्यान से समझाया गया था। यही एक कारण है कि लेखक बार-बार इस तथ्य की ओर ध्यान आकर्षित करता है कि दाऊद शाऊल को लेने नहीं गया था, शाऊल की मृत्यु में शामिल नहीं था, और उसने राजा की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। हालाँकि शाऊल एक अच्छा राजा नहीं था, फिर भी संभवतः इस्राएल में ऐसे लोग थे, जो शाऊल और उसके परिवार के प्रति विश्वासयोग्य थे और दाऊद के राजा बनने पर उसे कुछ सन्देह के साथ देखते थे। निश्चय ही यह ज्ञात था कि दाऊद ने पलिश्तीन के सिकलग में समय बिताया था। यह इस्राएल के लोगों को कैसे प्रभावित करेगा? शाऊल के लिए दाऊद के प्रेम पर जोर देकर, 1 और 2 शमूएल के लेखक ने प्रदर्शित किया कि दाऊद को सिंहासन विरासत में मिला और सभी इस्राएलियों को उसका अनुसरण करना चाहिए। इस श्रृँखला के पिछले पाठों में, हमने अवसर मिलने पर शाऊल को मारने से लगातार इनकार करने में और फिर हाल ही में, अमालेकी पर उसके गुस्से में, जिसने शाऊल की मृत्यु में अपनी भूमिका के बारे में झूठ बोला था, दाऊद के शाऊल के लिए प्रेम और सम्मान को देखा है।
अब फिर से धनुष नामक विलाप गीत के वर्णन में 2 शमूएल के अध्याय एक में इतिहासकार हमें इस प्रेम को एक बार फिर दाऊद के मन में महसूस किए गए दु:ख और शाऊल और योनातान के लिए किए गए विलाप के काव्य को दिखाता है। यह कविता उस हृदय विदारक उदासी को प्रकट करती है, जिसे दाऊद ने तब अनुभव किया, जब उसे इस्राएल के राजा और उसके पुत्र की मृत्यु के बारे में पता चला। विलाप बाइबल की एक सामान्य साहित्यिक शैली है, जिसे शोक में भी प्रदर्शित किया गया है, और पवित्रशास्त्र में इसकी उपस्थिति विश्वासी के जीवन में उदासी की उचित भूमिका को इंगित करती है। मृत्यु कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसके पास हम भावनाओं के बिना जाते हैं। इसे सामान्य तौर पर कुछ ऐसा माना जाता है, जिस पर उचित रूप से शोक व्यक्त किया जाना चाहिए, जिसमें हम में से वे लोग भी शामिल हैं, जो मृत्यु के बाद यीशु के साथ एक आनन्दमय जीवन बीतने में विश्वास करते हैं। वास्तव में, प्राकृतिक संसार भी उस दिन की प्रतीक्षा कर रहा है, जब मृत्यु नहीं रहेगी। परिवार और मित्रों को खोना पीड़ादायी होता है और हम सामान्य तौर पर समझते हैं कि हम जितना अधिक प्रेम करते हैं, उतना ही अधिक हम दु:खी होते हैं। इस दुःख से बचने का तरीका है, दूसरों से प्रेम करने से बचना, परन्तु इसका मूल्य बहुत अधिक है।
हम दाऊद के विलाप में देखेंगे कि उसके पास शोक करने का एक विशेष ईश्वरीय-उन्मुख कारण था। दाऊद का विलाप कुछ हद तक शाऊल की मृत्यु पर शोक व्यक्त करता है, क्योंकि इससे पलिश्तियों को इस्राएल के पतन पर हर्ष हुआ, जो उनकी राय में इस्राएल के परमेश्वर पर उनके देवता, दागोन की श्रेष्ठता का प्रमाण है। दाऊद के हृदय में इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती, जो सच्चे परमेश्वर को जानता था। 2 शमूएल 1:20 कहता है, "गत में यह न बताओ, और न अश्कलोन की सड़कों में प्रचार करना; न हो कि पलिश्ती स्त्रियाँ आनन्दित हों, न हो कि खतनारहित लोगों की बेटियाँ गर्व करने लगें।" यह निश्चित रूप से दाऊद के मन में एक बड़ी बात थी। दाऊद का विलाप भी योनातान की दृढ़ता की प्रशंसा करता है। हम देखेंगे कि यह विलाप योनातान की अपने पिता के प्रति विश्वासयोग्यता और दाऊद के साथ उसकी वाचा आधारित मित्रता की प्रशंसा करता है। योनातान की लगातार विश्वासयोग्यता और उसके द्वारा वाचा के बंधन को तोड़ने से इनकार करने की सराहना की जाती है। हर परीक्षा और कठिनाई में दाऊद जानता था कि वह योनातान पर भरोसा कर सकता था। तो यह विलाप अपने विश्वासयोग्य और भरोसेमंद मित्र के लिए एक देखभाल करने वाले, सराहना करने वाले मित्र की अभिव्यक्ति है।
2. दाऊद का विलाप।
जब दाऊद ने शाऊल की मृत्यु के लिए अपने वस्त्र फाड़े, शोक किया, रोया, और उपवास किया, और उस अमालेकी को मार डाला, जिसने स्वयं को इतना दोषी ठहराया था, तो कोई सोच सकता है कि दाऊद ने उस सम्मान के ऋण का पूरा भुगतान अदा कर दिया था, जो उसे शाऊल की स्मृति में देना था। परन्तु यह सब इसलिए नहीं है, क्योंकि दाऊद ने भी एक कविता लिखी थी। वह अपनी कलम के साथ-साथ अपनी तलवार का भी बहुत बड़ा स्वामी था। अपनी कविता में दाऊद ने अपने गहरे दु:ख को व्यक्त किया और दूसरों को एक समान मन रखने के लिए बोला; कि यह मन दूसरों के लिए भी वैसा ही हो। उसके विलापों को एक कविता में डालने से यह और भी अधिक भावपूर्ण और प्रभावशाली हो गया, न केवल दाऊद के दिनों के पाठकों और श्रोताओं के लिए, बल्कि इसे पीढ़ी दर पीढ़ी लंबे समय तक बने रहने के लिए अधिक अद्भुत रूप से लिख दिया गया।
हम न केवल दाऊद के जीवन के इतिहास को पढ़कर समृद्ध और प्रभावित हो सकते हैं, बल्कि उसके द्वारा महसूस की गई भावनाओं से भी प्रभावित हो सकते हैं। हम में से पवित्रशास्त्र के कुछ पाठक ऐसी कविताओं से भी जानकारी और भावनाएँ प्राप्त करेंगे, जो हमें इतिहास में नहीं मिलेंगी। यिर्मयाह की कहानी, इतिहास के अभिलेख और उसके विलापों के माध्यम से व्यक्त की गई, उसकी व्यक्तिगत भावनाओं से, हमें वही दोहरी अंतर्दृष्टि मिलती है, जिसे दाऊद का इतिहास और कविताएँ हमें देती है। बाइबल के पात्र वास्तविक भावनाओं वाले वास्तविक लोग थे। हम दोनों प्रकार के साहित्य से सीख सकते हैं।
दाऊद ने इसे लिखा और फिर, जैसे मूसा ने लोगों को निर्देश दिया कि वे पढ़ें और जानें कि उसने क्या लिखा था, इसलिए दाऊद ने "यहूदियों को यह धुनष नामक गीत सिखाने की आज्ञा दी; यह याशार नामक पुस्तक में लिखा हुआ है" (वचन 18)। इसे धनुष नामक गीत वाला विलाप क्यों कहा जाता था? शायद इसलिए कि यह एक ऐसा विलाप था कि शाऊल और योनातान को मारने में एक पलिश्ती धनुर्धर के धनुष ने क्या किया। या शायद केवल इसलिए कि धनुष का उपयोग सामान्य रूप से पर युद्ध में किया जाता था। दाऊद ने एक गोफन और एक पत्थर का उपयोग किया था, परन्तु पलिश्ती के धनुष के उपयोग ने शाऊल को नीचे गिरा दिया था। धनुष और तीर गोफन और पत्थर की तुलना में अधिक उन्नत हो सकते हैं और दाऊद चाहता था कि उसकी सेना अच्छी तरह से सुसज्जित हो। यह दु:ख की बात यह थी कि जिनके पास यहूदा की सन्तान जैसे अच्छे दिमाग और मन थे, उन्हें भी हथियार उठाने की आवश्यकता थी, और तो और, उन्हें पूरी तरह से हथियारों से लैस होने की भी आवश्यकता पड़े। और दुर्भाग्य से, आज भी यही सच है। इस्राएल के शत्रुओं ने इस्राएल को शत्रुता के साथ घेर लिया था और इस्राएल को केवल अपना बचाव करने के लिए ऊर्जा और धन खर्च करने के लिए मजबूर किया। यह बात दाऊद के दिनों में भी सच थी। दाऊद ने शायद योनातान के धनुष के लिए ऐसे हथियार का उल्लेख किया होगा, जिसका उपयोग योनातान ने बहुत कुशलता से किया था। दाऊद ने इस्राएल की सेना के लिए अपना अधिकार और चिंता दिखाई, और उसे मजबूत बनाने के लिए स्वयं को तैयार किया। जैसा कि हमने इस श्रृँखला में एक पिछली शिक्षा में देखा था, भले लोगों के झुण्ड प्रतिदिन सिकलग में आ रहे थे और उनमें से कुछ को, विशेष रूप से शाऊल के रिश्तेदार बताए गए थे, और 1 इतिहास 12:1, 2 के अनुसार वे धनुषों से लैस थे, "जब दाऊद सिकलग में कीश के पुत्र शाऊल के डर के मारे छिपा रहता था, तब ये उसके पास वहाँ आए, और ये उन वीरों में से थे, जो युद्ध में उसके सहायक थे। 2ये धनुर्धारी थे, जो दाहिने–बायें, दोनों हाथों से गोफन के पत्थर और धनुष के तीर चला सकते थे; और ये शाऊल के भाइयों में से बिन्यामीनी थे।" यह संभव है कि दाऊद बिन्यामीन के उन लोगों के साथ गठ-जोड़ करना चाहता था, जो नियमित रूप से उसके पक्ष में आ रहे थे। विशेष रूप से बिन्यामीन के लोग, जो शाऊल के रिश्तेदार थे, वे धनुष के साथ उनके कौशल के पहचान जाने के लिए दाऊद की सराहना को प्राप्त करेंगे, जिसका संकेत शायद शाऊल और योनातान के लिए उसके विलाप गीत का नाम "धनुष" रखने से दिया गया होगा। या, शायद धनुष का विलाप केवल सैन्य चीजों का एक सामान्य संदर्भ था।
हालाँकि, अन्य लोग धनुष को एक संगीत वाद्य के रूप में समझते हैं, जिसमें, जब कुशलता से तारों को छेड़ा जाता है, तो शायद कोई उदास धुन निकलती है। संभवतः दाऊद ने विशेष रूप से लेवियों से विलाप सिखाने के लिए कहा। चाहे युद्ध का वाद्य हो या संगीत, कम से कम, धनुष का विलाप शाऊल और योनातान के स्मरण में रखे जाने के लिए याशर की पुस्तक में शामिल किया गया था। तुलना के लिए, यहोशू 10:13 हमें सूचित करता है कि यहोशू की लड़ाइयों और विजयों के विवरणों का कम से कम हिस्सा याशर की पुस्तक में वर्णित किया गया थाः "और सूर्य उस समय तक थमा रहा, और चन्द्रमा उस समय तक ठहरा रहा, जब तक उस जाति के लोगों ने अपने शत्रुओं से बदला न लिया।" याशर संभवतः राजा के भण्डार-गृह से संबंधित-कविताओं का एक संग्रह था; कहा जाता है कि इसमें जो लिखा गया है, वह भी काव्यात्मक है, यह एक ऐतिहासिक कविता का एक टुकड़ा है। यदि वे लिखने के प्रति प्रतिबद्ध नहीं होते, तो गीत भी भुला दिए जाते और खो जाते, यदि "धनुष" का अर्थ एक संगीत वाद्य यंत्र होता, तो यह संकेत हो सकता है कि इस विलाप को उसी नाम के संगीत वाद्ययंत्र की संगत में गाया जाना था।
कुछ लोगों का मानना है कि विलाप स्वयं कोई ईश्वरीय भजन नहीं था, न ही परमेश्वर की आराधना सभा में उपयोग करने के लिए परमेश्वर की प्रेरणा से दिया गया था, और न ही इसमें परमेश्वर का कोई उल्लेख मिलता है। यह केवल एक मानवीय रचना है, और इसलिए इसे केवल याशर की पुस्तक में रखा गया था, जो केवल सामान्य कविताओं का संग्रह था, न कि भजनों की पुस्तक में, जो ईश्वरीय मूल की पुस्तक के रूप में अच्छी तरह से सुरक्षित है। यह कि दाऊद द्वारा लिखा गए कुछ भजन याशर की पुस्तक के खो जाने के साथ नष्ट हो गए हैं, यह भजनों में आश्चर्यकर्मों पर जोर देने के लिए काम कर सकता है, जो खोए नहीं थे। याशर लंबे समय से खो चुकी पुस्तक है, परन्तु भजनों की पुस्तक पीढ़ी दर पीढ़ी संसार भर के लोगों को आशीर्वाद देती रही है। यह जानकर आश्चर्यचकित होने के बजाय कि याशार की पुस्तक खो गई है, हम इस भजन के बचे रहने की सराहना कर सकते हैं, जो खोया नहीं था। धनुष का विलाप हमारे लिए 2 शमूएल 1 में सुरक्षित मिलता है और हम इससे कई महत्वपूर्ण सबक सीख सकते हैं।
शोक का आरम्भ और अंत इस्राएल की महिमा और युद्ध स्थल पर छोड़े गए हथियारों के साथ होता है, जिसे बार-बार इस शब्द से उजागर किया जाता है, "हाय, शूरवीर कैसे गिर गए!" यदि धनुष का विलाप सिखाया जाना था, तो स्पष्ट है कि इसमें कुछ ऐसा था, जिसे कई पीढ़ियों तक इस्राएल को जानने की आवश्यकता थी। "युद्ध के हथियार" (वचन 27) शायद शाऊल और योनातान को संदर्भित करता है, जो हथियार के जैसे थे। क्या एक व्यक्ति एक हथियार हो सकता है? हाँ हो सकता है। न केवल शाऊल और योनातान, बल्कि एलिय्याह और एलीशा दोनों को विशेष रूप से हथियार के रूप में संदर्भित किया गया था। शाऊल और योनातान को युद्ध के हथियार कहने की तुलना आसानी से उस बात से की जा सकती है, जो एलीशा ने एलिय्याह के बारे में कही थी, जब एलिय्याह अग्निमय रथ पर चढ़ रहा था। एलीशा ने उसके पीछे इस्राएल के रथों और सवारों को पुकारा। 2 राजा 2:12 कहता है, "और उसे एलीशा देखता और पुकारता रहा, "हाय मेरे पिता! हाय मेरे पिता! हाय इस्राएल के रथ और सवारो!" जब वह उसको फिर देख न पड़ा, तब उसने अपने वस्त्र पकड़े और फाड़कर दो भाग कर दिए!" और 2 राजा 13:14 में । इस्राएल के राजा ने एलीशा को एक हथियार कहा, "एलीशा को वह रोग लग गया जिससे उसकी मृत्यु होने पर थी, तब इस्राएल का राजा यहोआश उसके पास गया, और उसके ऊपर रोकर कहने लगा, "हाय मेरे पिता! हाय मेरे पिता! हाय इस्राएल के रथ और सवारो!"" उन दिनों सबसे शक्तिशाली, सबसे बहुमूल्य और खेल की दिशा बदलने वाला हथियार रथ था। इसमें एक ऊँचा मंच, सुरक्षात्मक पक्ष, पहियों पर तीखी तलवारें, सामने घोड़ों को दौड़ाना और उन्हें तेज गति से दौड़ाना शामिल था। यह उस समय शक्तिशाली गतिविधि था। क्या आप आज युद्ध का आत्मिक हथियार बनना चाहते हैं? दाऊद और योनातान के दिनों में धनुष या एलिय्याह और एलीशा के दिनों में रथ की तुलना में आज कौन सा हथियार है? अंतर-महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल के बारे में क्या कहा जाए, जो एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप तक उड़ सकती है और परमाणु बम पहुँचा सकती है? हाँ, यह शक्तिशाली है, परन्तु पैट्रियाट मिसाइल पद्धति जैसी और भी मूल्यवान मिसाइलें हैं, जो जासूसी उपग्रहों के नेटवर्क से संकेतों को पढ़ सकती हैं, ताकि उस अंतर-महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल की गति और दिशा निर्धारित की जा सके और अपने गंतव्य तक पहुँचने से पहले ही इसे मार गिराया जा सके। क्या आप एक आत्मिक "देशभक्त मिसाइल" की तरह नहीं बनना चाहेंगे, जो यीशु के नाम पर आपके परिवार, कलीसिया, समुदाय और राष्ट्र के विरुद्ध निर्देशित शैतान के अग्नि-बाणों को रोकने और मार गिरने में सक्षम है? आज आप ऐसा ही हो सकते हैं, जिसकी तुलना दाऊद के दिनों में युद्ध के मैदान में एक चलाए गए एक धनुष या रथ के चलने की शक्ति से की जा सकती है। आप, शाऊल, योनातान, एलिय्याह और एलीशा की तरह युद्ध का एक हथियार हो सकते हैं।
3. दाऊद शाऊल के प्रति उदार था।
दाऊद अपने कट्टर शत्रु शाऊल के प्रति बहुत अधिक उदार था। शाऊल उसका ससुर, उसका शासक और प्रभु यहोवा का अभिषिक्त था। हालाँकि उसने उसके साथ बहुत ज्यादा गलत किया था, परन्तु जब वह अपनी क़ब्र में होता है, तब दाऊद उसे स्मरण किए जाने पर भी कोई बदला नहीं लेता है। बड़ी भावना वाला व्यक्ति होने के नाते, दाऊद ने शाऊल के दोषों को छिपा दिया। इतिहास में शाऊल के दोषों को छिपाने की कोई संभावना नहीं थी, परन्तु वे दाऊद के शोकगीत में दिखाई नहीं देंगे। जब मैं प्राथमिक पाठशाला में था, तो मेरे शिक्षक ने मुझे पूरी कक्षा के सामने कहा, "यदि आप किसी व्यक्ति के बारे में कुछ अच्छा नहीं बोल सकते हैं, तो कुछ भी न कहें।" मैं इसे कभी नहीं भूला। क्या यह झूठ है, या शिष्टाचार या केवल सामान्य ज्ञान है कि मृतकों के बारे में कुछ भी नहीं बल्कि अच्छा ही कहना चाहिए? यह हमारे बारे में क्या कहता है, जब हमें दूसरे के बारे में कुछ बुरा कहने का आनन्द मिलता है - भले ही वह सच हो? क्या हर कोई एक बुरा व्यक्ति होता है, जिसने कुछ ऐसा कहा या किया होता है, जो हमें गलत प्रकाश में डालता है? स्मृति के भ्रष्ट भाग को मनुष्य के भ्रष्ट भाग के साथ गाड़ दिया जाना चाहिए – मिट्टी से मिट्टी, राख से राख; दोष को छिपाया जाए और कमजोरी पर पर्दा डाला जाए।
दाऊद ने शाऊल में जो कुछ भी प्रशंसनीय था, उसका गुणगान किया। उसने उस बातों के लिए उसकी सराहना नहीं की, जो उसमें नहीं थीं और ज्ञान, शिष्टाचार, भलाई या अच्छे नेतृत्व के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता था। हम सभी ने मृतकों के विषय में प्रशंसा करते हुए सुना होगा, जैसे कि वे संत थे, जबकि वे संत जैसे तो बिल्कुल भी नहीं थे। इससे शब्द हल्के हो जाते हैं। वे मृतक की प्रशंसा के लिए नहीं हैं, न ही वे वास्तव में उस वक्ता का सम्मान करते हैं, जो गलत तरीके से प्रशंसा करता है, क्योंकि बोला गया प्रशंसनीय नहीं था; यह मृतक के उत्साह, निष्ठा या कृपा के बारे में कुछ नहीं बताता है। दाऊद का यह कहना है कि स्वयं शाऊल के सम्मान में, उसे उस पवित्र तेल से अभिषेक किया गया था, जो शासन करने के लिए उसकी मूल उन्नति और योग्यता को दर्शाता था। उसके परमेश्वर के अभिषेक का तेल उसके मुकुट उस पर था। उसे सम्मानित किया गया, क्योंकि परमेश्वर जो सारे सम्मान का स्रोत हैं, उसने ही उसे सम्मानित किया था।
इसके अतिरिक्त, वह एक शक्तिशाली योद्धा था। "हे इस्राएल, तेरा शिरोमणि तेरे ऊँचे स्थान पर मारा गया। हाय, शूरवीर कैसे गिर पड़े हैं!" (वचन 19)। वह अक्सर इस्राएल के शत्रुओं पर विजयी रहा था। "जब शाऊल इस्राएलियों के राज्य में स्थिर हो गया, तब वह मोआबी, अम्मोनी, एदोमी, और पलिश्ती, अपने चारों ओर के सब शत्रुओं से, और सोबा के राजाओं से लड़ा; और जहाँ जहाँ वह जाता वहाँ जय पाता था" (1 शमूएल 14:47)। 2 शमूएल 1:22 कहता है, "जूझे हुओं के लहू बहाने से, और शूरवीरों की चर्बी खाने से, योनातान का धनुष न लौटता था, और न शाऊल की तलवार छूछी फिर आती थी।" इस पंक्ति का उद्देश्य शाऊल के सैन्य कौशल की प्रशंसा करना है। शाऊल के अपमान और अंत में पतन के कारण उसकी पहले की सफलताओं और सेवाओं को भुलाया नहीं जाना चाहिए। हालाँकि उसका सूर्य एक बादल के नीचे डूब गया था, परन्तु एक समय था, जब वह चमक रहा था।
शाऊल और योनातान, एक साथ, शत्रु का पीछा करने में साहसी बहादुर पुरुष थे। ऐसा कम समय रहा था, जब पुरुष अधिक साहसी, अधिक बहादुर थे, "शाऊल और योनातान जीवनकाल में तो प्रिय और मनभाऊ थे, और अपनी मृत्यु के समय अलग न हुए; वे उकाब से भी वेग से चलनेवाले, और सिंह से भी अधिक पराक्रमी थे" (वचन 23)। शाऊल और योनातान के बीच के रिश्ते में जो सामंजस्य और स्नेह था, वह बहुत अच्छा था; वे एक-दूसरे के लिए प्रेम और सुखद थे, योनातान एक कर्तव्यनिष्ठ पुत्र था, शाऊल एक स्नेही पिता था; और इसलिए वे अपने जीवन में एक-दूसरे को प्रिय थे, "और मृत्यु के समय अलग न हुए" (वचन 23)। वे पलिश्तियों के विरुद्ध किए गए युद्ध में एक साथ बने रहे, और उसी कारण एक साथ मर गए।
दाऊद के विलाप में स्त्रियों के वस्त्रों के बारे में थोड़ी हास्यपूर्ण टिप्पणी भी मिलती है। शाऊल ने अपने देश को विजय प्राप्त किए गए राष्ट्रों की लूट से समृद्ध किया था, और यहाँ तक कि इस्राएलियों को पहनने के लिए दिए गए सर्वोत्तम वस्त्रों में भी योगदान दिया था। जब उनके पास राष्ट्रों के समान एक राजा था, तो उनके पास राष्ट्रों के समान वस्त्र होने चाहिए, ताकि स्त्रियाँ भी सर्वोत्तम वस्त्र पहन सकें। "हे इस्राएली स्त्रियों, शाऊल के लिये रोओ, वह तो तुम्हें लाल रंग के वस्त्र पहिनाकर सुख देता, और तुम्हारे वस्त्रों के ऊपर सोने के गहने पहिनाता था" (वचन 24)।
दाऊद के विलाप से हमें जो अंतर्निहित संदेश मिल सकता है, वह बुराई के बजाय दूसरों की भलाई पर ध्यान केंद्रित करना है। यदि, शिक्षण उद्देश्यों के लिए हमें किसी दुष्ट व्यक्ति के साथ निकटता से काम करने या उससे प्रभावित होने के खतरे के बारे में चेतावनी देने की आवश्यकता है, तो हमें ऐसा करना चाहिए, परन्तु केवल शिक्षण या चेतावनी उद्देश्यों के लिए। मसीही अगुवों के रूप में हमारी सामान्य स्थिति दूसरों के बारे में अच्छी बात करने की होनी चाहिए, जैसे दाऊद ने की थी।