एक दण्ड सुनाया गया
अध्याय नब्बे
2 शमूएल 12:10-14

Ron Meyers
10इसलिये अब तलवार तेरे घर से कभी दूर न होगी, क्योंकि तू ने मुझे तुच्छ जानकर हित्ती ऊरिय्याह की पत्नी को अपनी पत्नी कर लिया है।’ 11यहोवा यों कहता है, ‘सुन, मैं तेरे घर में से विपत्ति उठाकर तुझ पर डालूँगा; और तेरी पत्नियों को तेरे सामने लेकर दूसरे को दूँगा, और वह दिन दुपहरी में तेरी पत्नियों से कुकर्म करेगा। 12तू ने तो वह काम छिपाकर किया; पर मैं यह काम सब इस्राएलियों के सामने दिन दुपहर कराऊँगा’।” 13तब दाऊद ने नातान से कहा, “मैं ने यहोवा के विरुद्ध पाप किया है।” नातान ने दाऊद से कहा, “यहोवा ने तेरे पाप को दूर किया है; तू न मरेगा। 14तौभी तू ने जो इस काम के द्वारा यहोवा के शत्रुओं को तिरस्कार करने का बड़ा अवसर दिया है, इस कारण तेरा जो बेटा उत्पन्न हुआ है वह अवश्य ही मरेगा।”
1. दण्ड को सुना दिया गया। वचन 10-14
नातान ने इस पाप के लिए दाऊद के परिवार पर परमेश्वर के दण्ड के बारे में एक आवश्यक और कभी-कभी गलत समझी जाने वाली या कम सराही जाने वाली बात पहले ही बता दी थी। वचन 10 कहता है, “इसलिये अब तलवार तेरे घर से कभी दूर न होगी, क्योंकि तू ने मुझे तुच्छ जानकर हित्ती ऊरिय्याह की पत्नी को अपनी पत्नी कर लिया है।” न केवल तेरे समय में, बल्कि तेरे वंशजों के समय में भी। इस भविष्यद्वाणी और अम्नोन, अबशालोम और अदोनिय्याह की लहू बहाने वाली कहानियों के बीच का संबंध देखना आसान है; ये सभी अगले बीस वर्षों में तलवार के शिकार हो गए। परमेश्वर ने प्रतिज्ञा की थी कि उसकी दया दाऊद और उसके परिवार से कभी दूर नहीं होगी, जैसा कि 2 शमूएल 7:13-16 में सुलैमान के बारे में बताया गया है: “मेरे नाम का घर वही बनवाएगा, और मैं उसकी राजगद्दी को सदैव स्थिर रखूँगा। मैं उसका पिता ठहरूँगा, और वह मेरा पुत्र ठहरेगा। यदि वह अधर्म करे, तो मैं उसे मनुष्यों के योग्य दण्ड से, और आदमियों के योग्य मार से ताड़ना दूँगा। परन्तु मेरी करुणा उस पर से ऐसे न हटेगी, जैसे मैं ने शाऊल पर से हटा ली थी और उसको तेरे आगे से दूर किया था। वरन् तेरा घराना और तेरा राज्य मेरे सामने सदा अटल बना रहेगा; तेरी गद्दी सदैव बनी रहेगी।” क्या परमेश्वर की दया और तलवार एक ही घर में साथ-साथ रह सकते हैं? शायद। स्पष्ट है। हम लंबे समय तक परेशानियों को सह सकते हैं और फिर भी परमेश्वर की अटल दया का अनुभव कर सकते हैं। नातान ने स्पष्ट कहा था कि तलवार दूर नहीं होगी।
अबशालोम की कहानी में हम निश्चित रूप से वचन 11-12 की पूर्ति देखते हैं। “यहोवा यों कहता है, ‘सुन, मैं तेरे घर में से विपत्ति उठाकर तुझ पर डालूँगा; और तेरी पत्नियों को तेरे सामने लेकर दूसरे को दूँगा, और वह दिन दुपहरी में तेरी पत्नियों से कुकर्म करेगा। तू ने तो वह काम छिपाकर किया; पर मैं यह काम सब इस्राएलियों के सामने दिन दुपहर कराऊँगा’।” पाप परिवार में मुसीबत लाता है, और अक्सर एक पाप की दण्ड दूसरा पाप बन जाता है। अबशालोम के विद्रोह के दौरान, दाऊद की पत्नियों को छत पर नंगा किया गया और सभी के देखने के लिए उन्हें तंबुओं में रखा गया—शायद उसी छत पर, जिस पर दाऊद उस रात टहल रहा था, जब बतशेबा उससे मिलने आई थी। नातान ने यह नहीं कहा था कि यह दाऊद का अपना पुत्र ही होगा, जो ऐसा करेगा, परन्तु वास्तव में अहीतोपेल के सुझाव पर अबशालोम ने ही ऐसा किया।
बाइबल के समय में ऐसे पाप की दण्ड कम से कम प्रतीकात्मक रूप से तो दिया ही जाता था—किसी की अपनी पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा बलात्कार करवाया जाता था। अय्यूब ने अय्यूब 31:9-11 में इस तरह की अपमानजनक दण्ड का वर्णन किया है: ““यदि मेरा हृदय किसी स्त्री पर मोहित हो गया हो, और मैं अपने पड़ोसी के द्वार पर घात में बैठा हूँ; तो मेरी स्त्री दूसरे के लिये पीसे, और पराए पुरुष उसको भ्रष्ट करें। क्योंकि वह तो महापाप होता; और न्यायियों से दण्ड पाने के योग्य अधर्म का काम होता।” दाऊद का पाप गुपचुप तरीके से और चालाकी से छिपाकर किया गया था, परन्तु उसे मिलने वाला दण्ड सबके सामने होगा, और उतनी ही चालाकी से उसकी घोषणा भी की जाएगी। परमेश्वर दिखाएगा कि वह पाप से कितनी घृणा करता है—यहाँ तक कि अपने ही लोगों में भी—और जहाँ कहीं भी उसे पाप मिलेगा, वह उसे दण्ड देगा।
दाऊद ने तुरन्त पश्चाताप किया और अपने पाप को स्वीकार कर लिया। उसने न तो कोई बहाना बनाया और न ही अपने पाप को कम करके दिखाया। “मैं ने यहोवा के विरुद्ध पाप किया है” (वचन 13)। हमें नहीं पता कि उस समय उसने और कितना या क्या-क्या कहा होगा, परन्तु उसने जल्द ही जो कुछ लिखा, उसका हमारे पास एक दस्तावेज उपलब्ध है। यह भजन संहिता 51:1-4 में है: “हे परमेश्वर, अपनी करुणा के अनुसार मुझ पर अनुग्रह कर; अपनी बड़ी दया के अनुसार मेरे अपराधों को मिटा दे। मुझे भली भाँति धोकर मेरा अधर्म दूर कर, और मेरा पाप छुड़ाकर मुझे शुद्ध कर! मैं तो अपने अपराधों को जानता हूँ, और मेरा पाप निरन्तर मेरी दृष्टि में रहता है। मैं ने केवल तेरे ही विरुद्ध पाप किया, और जो तेरी दृष्टि में बुरा है, वही किया है; ताकि तू बोलने में धर्मी और न्याय करने में निष्कलंक ठहरे” और वचन 12-13: “अपने किए हुए उद्धार का हर्ष मुझे फिर से दे, और उदार आत्मा देकर मुझे सम्भाल। तब मैं अपराधियों को तेरा मार्ग सिखाऊँगा, और पापी तेरी ओर फिरेंगे।” ये सारी बातें दाऊद के जीवन के इसी दौर में लिखी गई थीं।
उसके इस पश्चाताप भरे अंगीकार के आधार पर उसे क्षमा दे दी गई, परन्तु इसके साथ एक दु:खद शर्त भी जुड़ी हुई थी। स्पष्ट है, जिस परमेश्वर ने नातान को अपना संदेश दाऊद तक पहुँचाने का काम सौंपा था, उसी ने नातान को दाऊद के पश्चाताप करने पर उसे परमेश्वर की ओर से क्षमा देने की घोषणा करने की भी अनुमति दी थी। जब दाऊद ने कहा, "मैंने पाप किया है” तो नातान समझ गया कि वह सचमुच अपने पाप का पश्चाताप कर रहा है, परन्तु वह बच्चा मर जाएगा। "तौभी तू ने जो इस काम के द्वारा यहोवा के शत्रुओं को तिरस्कार करने का बड़ा अवसर दिया है, इस कारण तेरा जो बेटा उत्पन्न हुआ है वह अवश्य ही मरेगा" (वचन 14)।
तेरा पाप तेरे लिए सदैव के नाश का कारण नहीं बनेगा। फिर भी, तेरे घर से तलवार कभी दूर नहीं होगी। दाऊद, एक व्यभिचारी या एक हत्यारे के तौर पर, मृत्यु के योग्य था। परन्तु परमेश्वर ने उसे पूरी तरह से खत्म नहीं किया, जैसा कि वह न्यायसंगत रूप से कर सकता था। दाऊद, तूझे प्रभु यहोवा की ओर से दण्ड मिलेगा, परन्तु तू संसार के साथ दोषी नहीं ठहराया जाएगा। नातान ने, परमेश्वर के नाम पर, दाऊद को भरोसा दिलाया कि उसका पाप क्षमा कर दिया गया है। परमेश्वर ने उसके साथ वैसा ही व्यवहार किया, जैसा वह हमारे साथ करता है—हमारी योग्यता से कहीं सर्वोत्तम।
हमें नहीं पता कि दाऊद ने भजन 32:5 कब लिखा था। इसमें हमें यह नहीं बताया गया है। न ही हमें यह पता है कि दाऊद कितनी जल्दी उस स्थिति में पहुँच गया था, जहाँ उसने अपने पाप को छिपाने के बजाय उसे स्वीकार कर लिया था। और न ही हमें यह पता है कि क्या यह लंबे समय से उसकी सामान्य नीति रही थी, परन्तु उस घटना और नातान के आने के बीच के नौ महीनों में वह नीति टूट गई थी। परन्तु हम यह अवश्य जानते हैं कि दाऊद ने यह लिखा था: “जब मैं ने अपना पाप तुझ पर प्रगट किया और अपना अधर्म न छिपाया, और कहा, “मैं यहोवा के सामने अपने अपराधों को मान लूँगा” तब तू ने मेरे अधर्म और पाप को क्षमा कर दिया” (भजन 32:5)।
नातान ने 14वें वचन में सन्तान के लिए मृत्यु दण्ड की घोषणा की। “तौभी तू ने जो इस काम के द्वारा यहोवा के शत्रुओं को तिरस्कार करने का बड़ा अवसर दिया है, इस कारण तेरा जो बेटा उत्पन्न हुआ है, वह अवश्य ही मरेगा।” परमेश्वर की प्रभुता के प्रदर्शन पर ध्यान दें, जिसने इस विषय में, दोषी माता-पिता को जीवित रहने दिया और निर्दोष शिशु को मरने दिया। परमेश्वर हर व्यक्ति के साथ जो चाहे कर सकता है।
यह दु:ख की बात है कि दाऊद के व्यवहार से परमेश्वर की प्रतिष्ठा पर कलंक लगा। हमारे जीवन से परमेश्वर को महिमा प्राप्त करने की सामर्थ्य है, जब हम भले काम करते हैं, ताकि दूसरे उन्हें देखें और स्वर्ग में हमारे पिता की महिमा करें। उसी तरह, हमारे बुरे काम उसके नाम को बदनाम कर सकते हैं। दाऊद ने परमेश्वर के सम्मान के विरुद्ध पाप किया; उसने परमेश्वर के शत्रुओं को उसकी निंदा करने का अवसर दिया। उस पीढ़ी के दुष्ट लोगों ने क्या किया होगा? अविश्वासियों ने? मूर्तिपूजकों ने? क्या वे दाऊद के पतन पर प्रसन्न नहीं हुए होंगे, क्या उन्होंने परमेश्वर और उसकी व्यवस्था की बुराई नहीं की होगी, जब उन्होंने ऐसे बुरे काम के दोषी व्यक्ति को देखा, जो यह दावा करता था कि वह परमेश्वर और उसकी व्यवस्था से प्रेम करता है? वह प्रार्थना करता है, भजन गाता है, भजन लिखता है। हाँ! यदि वे व्यभिचार और हत्या को रोक नहीं सकते, तो उनका क्या लाभ? शाऊल को इससे भी कम गलती के लिए ठुकरा दिया गया था। तो फिर दाऊद को जीवित रहने और राज्य करने की अनुमति क्यों मिली? आज भी कुछ लोग दाऊद के बुरे उदाहरण का गलत उपयोग करके अपने अनैतिक व्यवहार को सही ठहराते हैं। वे यह समझने में असफल रहते हैं कि हर किसी को अपने पापों का दण्ड भुगतना पड़ता है और परमेश्वर मनों को देखता है। विश्वासियों, अर्थात् परमेश्वर के पुत्रों और पुत्रियों के पास जिम्मेदारी है। रोमियों 2:24 कहता है, “क्योंकि तुम्हारे कारण अन्यजातियों में परमेश्वर के नाम की निन्दा की जाती है।” जैसा लिखा भी है, इसलिए परमेश्वर ने इस पाप के लिए दाऊद पर अपना क्रोध दिखाकर अपने सम्मान को सही ठहराया, और संसार को यह दिखाया कि यद्यपि वह दाऊद से प्रेम करता था, फिर भी वह उसके पाप से घृणा करता था। वह बच्चा मर गया।
2 शमूएल की शेष पुस्तक में विषय शीर्षकों पर ध्यान से देखने पर यह तुरन्त पता चल जाएगा कि अध्याय 11 से आगे, दाऊद को बतशेबा के साथ और ऊरिय्याह के विरुद्ध किए गए अपने पाप के परिणामों को भुगतना पड़ा। क्या उसे क्षमा मिली? हाँ। परन्तु फिर भी उसके परिणाम तो थे ही। क्षमा का संबंध परमेश्वर के साथ हमारी स्थिति से है—क्या हम धर्मी ठहराए गए हैं या नहीं? परिणामों का संबंध मसीही जीवन में हमारी प्रभावशीलता और परमेश्वर की महिमा के लिए फलवंत होने से है।
मैं केवल क्षमा पाना नहीं चाहता, मैं फलवंत होना चाहता हूँ; केवल धर्मी बनना नहीं, बल्कि उपयोगी बनना चाहता हूँ; केवल एक पुत्र बनना नहीं, बल्कि पारिवारिक व्यवसाय में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहता हूँ। मैं पाप से बचना चाहता हूँ, इसलिए नहीं कि मुझे डर है कि मुझे क्षमा नहीं मिलेगी (मुझे क्षमा मिल सकती है और मिलेगी), बल्कि इसलिए कि मैं जानता हूँ कि इससे मेरे पिता को मिलने वाली महिमा कम हो जाएगी।
2 क्षमा पर विचार करना।
बड़े पाप की क्षमा अद्भुत है, परन्तु बड़े पाप की इतनी शीघ्रता से क्षमा—कि अंगीकार के तुरन्त बाद ही क्षमा मिल जाए—उन बातों में से एक है, जिन्हें हमारे हृदयों में विशेष कृतज्ञता के योग्य और हमारे होठों पर विशेष स्तुति के योग्य मानकर स्मरण किया जाना चाहिए। तथापि, एक विचारशील मसीही अगुवे को इस बात का भय होना चाहिए कि कहीं परमेश्वर की असीम दया का—जो बड़े पाप को शीघ्रता और पूरी तरह से मिटा देती है—जोरदार तरीके से प्रचार करने से, हमारे सुनने वालों में से कोई पाप को हल्के में न लेने लगे। परमेश्वर के अनुग्रह की पूर्ण घोषणा के विरुद्ध यह आपत्ति उठाई जा सकती है कि यह लोगों को यह सोचने पर विवश करती है कि पाप से बचना बहुत आसान है, और परिणामस्वरूप, लोगों को यह कल्पना करने पर मजबूर करती है कि पाप वास्तव में जितना घातक है, उससे कहीं कम घातक है।
यह विश्वास कि ऐसी कोई नैतिक व्यवस्था नहीं हैं, जिसका पालन करना हमारे लिए आवश्यक हो, या सस्ता अनुग्रह और शीघ्र क्षमा में विश्वास, मानवीय हृदय को प्रिय लगता है; परन्तु यह परमेश्वर के अनुग्रह को स्वच्छंदता (अर्थात् नैतिक संयम की कमी, लापरवाही भरा, बिना किसी चिन्ता और जान-बूझकर किया गया पाप) में बदल सकता है। इसलिए भविष्य में ऐसे लोग होंगे, जो परमेश्वर की दया को अपने पापों के पक्ष में एक तर्क के रूप में उपयोग करेंगे। जो लोग इस तरह का व्यवहार करते हैं, वे सबसे बड़े पापियों में से हैं; जिनके लिए पौलुस शायद यही कहेगा कि "उनका दण्ड उचित है” जैसा कि उसने उन लोगों के बारे में लिखा था, जो कहते थे, "हम क्यों बुराई न करें कि भलाई निकले" (रोमियों 3:8)। एक मकड़ी उसी फूल से जहर निकाल सकती है, जिससे मधुमक्खी शहद निकालती है; इसलिए, निश्चित रूप से, उसी अद्भुत सच्चाई में—जिसमें एक नया मन पवित्रता का कारण ढूँढ़ता है—दूसरी ओर, कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो पाप की ओर झुकाव रखते हैं, और जिनके बारे में कहा जाता है कि वे उसी अद्भुत सच्चाई में पाप करने के लिए बहाने ढूँढ़ लेते हैं। यदि वे ऐसा करते हैं, तो उनके पास "कोई बहाना नहीं है।" यह एक सस्ता अनुग्रह है। पाप तो पाप ही है। केवल इसलिए कि क्षमा तुरन्त मिल सकती है, इसका यह अर्थ नहीं है कि पाप कोई छोटी-मोटी बात है।
कुछ लोगों ने वास्तव में यीशु मसीह के अनमोल लहू को इस तरह से प्रस्तुत किया है कि पवित्रशास्त्र में प्रायश्चित के बारे में दी गई शिक्षाएँ, और अधिक पाप करने का बहाना बन जाती हैं। यदि वे ऐसा करते हैं, तो यह निश्चित रूप से सत्य का दोष नहीं है, न ही यह परमेश्वर के असीम ज्ञान और विवेक का दोष है; क्योंकि उसने कई अद्भुत तरीकों से, अपनी उद्धार देने वाली दया के चारों ओर सुरक्षा कवच लगाने या चेतावनियाँ देने का ध्यान रखा है। वह क्षमा करता है, और वह क्षमा करेगा—धन्य हो उसका पवित्र नाम—और मनुष्य चाहे उसकी दया को कितना भी विकृत क्यों न कर दें, वह पापियों पर अपनी दया बरसाना बंद नहीं करेगा। वह अपनी प्रेममयी कृपा जारी रखेगा, फिर भी वह हमें पाप के विरुद्ध स्पष्ट चेतावनियाँ देता हैं। इससे पहले कि नातान दाऊद से कहता, "यहोवा ने तेरे पाप को दूर किया है; तू न मरेगा" (वचन 13), राजा ने स्वयं पर पहले ही स्पष्ट रूप से दण्ड की घोषणा कर दी थी, जैसा कि वचन 5 और 6 हमें दिखाते हैं: "5तब दाऊद का कोप उस मनुष्य पर बहुत भड़का; और उसने नातान से कहा, "यहोवा के जीवन की शपथ, जिस मनुष्य ने ऐसा काम किया वह प्राण दण्ड के योग्य है; और उसको उस भेड़ की बच्ची का चौगुना भर देना होगा, क्योंकि उसने ऐसा काम किया, और कुछ दया नहीं की।"" दाऊद ने यह बात यह जाने बिना कही थी कि वह स्वयं को ही दोषी ठहरा रहा था; परन्तु उसने स्वयं पर दण्ड की घोषणा की, और उसके बाद उसे क्षमा कर दिया गया।
ठीक यही वह कार्य है, जो प्रभु परमेश्वर पापियों के साथ उन्हें क्षमा करने से पहले करता है—सबसे पहले वह उन्हें उनके पाप का अहसास कराता है। हम तब तक 'सुसमाचार' का आदर नहीं कर सकते, जब तक हम 'बुरे समाचार' को न समझ लें। हम में से कुछ लोगों को वह समय अच्छी तरह स्मरण है, जब वह भयानक दृश्य दिन-रात हमारे मन पर छाया रहता था। हम लंबे समय से जानते थे कि हमने पाप किया है, परन्तु हमें थोड़ा भी अनुमान नहीं था कि पाप इतनी विकराल और भयानक चीज है, जैसा कि हमने अंततः उसे पाया। हमने गहरे सागर में पाए जाने वाली विचित्र दुष्टात्माओं—भयानक और डरावने जीवों—के बारे में पढ़ा था; परन्तु जब हमने वास्तव में, सचमुच पाप को उसके वास्तव रूप में देखा, तो हमने एक ऐसी चीज देखी, जो हमारे सबसे बुरे स्वप्नों में सोची गई चीजों से भी कहीं अधिक डरावनी और घिनौनी थी। तब हमने स्वयं को दोषी ठहराया।
दाऊद के विषय में, पाप की गंभीरता की एक और स्मृति भी थी—वह यह है कि उसे ईश्वरीय वचन की महिमा का अनुभव कराया गया था। जब नातान, परमेश्वर के प्रतिनिधि के तौर पर, दाऊद के पास आया, तो उसने उसे एक साधारण-सी कहानी सुनाई, जिसे कोई बच्चा भी बड़े चाव से सुनता; परन्तु उस कहानी में बड़ी गरिमा थी, क्योंकि उसने उस दोषी राजा के मन के राज खोल दिए। उसने दाऊद को वह रूप दिखाया, जैसा वह स्वर्ग की स्पष्ट और तेज प्रकाश में दिखता था, न कि वह रूप जैसा वह स्वयं को किसी सर्वोत्तम प्रकाश में दिखाना चाहता था। जब हम पूरा अंश पढ़ते हैं, तो हम देखते हैं कि कैसे नातान ने, 7 से 10 वचनों में, सच्चाई को एक कोड़े की तरह उपयोग करके दाऊद की आत्मा को गहरी पीड़ा पहुँचाई: “7तब नातान ने दाऊद से कहा, “तू ही वह मनुष्य है। इस्राएल का परमेश्वर यहोवा यों कहता है, ‘मैं ने तेरा अभिषेक कर के तुझे इस्राएल का राजा ठहराया, और मैं ने तुझे शाऊल के हाथ से बचाया; 8फिर मैं ने तेरे स्वामी का भवन तुझे दिया, और तेरे स्वामी की पत्नियाँ तेरे भोग के लिये दीं; और मैं ने इस्राएल और यहूदा का घराना तुझे दिया था; और यदि यह थोड़ा था, तो मैं तुझे और भी बहुत कुछ देनेवाला था। 9तू ने यहोवा की आज्ञा तुच्छ जानकर क्यों वह काम किया जो उसकी दृष्टि में बुरा है? हित्ती ऊरिय्याह को तू ने तलवार से घात किया, और उसकी पत्नी को अपनी कर लिया है, और ऊरिय्याह को अम्मोनियों की तलवार से मरवा डाला है। 10इसलिये अब तलवार तेरे घर से कभी दूर न होगी, क्योंकि तू ने मुझे तुच्छ जानकर हित्ती ऊरिय्याह की पत्नी को अपनी पत्नी कर लिया है’” (वचन 7-10)।
नातान ने उसे बिल्कुल भी नहीं छोड़ा; उसका हर शब्द एक तीखी तलवार की तरह था, जो उसके मन में उतर गया। दाऊद को यह एहसास कराया गया कि परमेश्वर का वचन उसकी सबसे छिपी हुई बातों को भी खोज निकाल सकता है, और उसे उसके वास्तव रूप में दिखा सकता है—भले ही वह स्वयं को कितना भी छिपाने की कोशिश करे। और फिर, जब उसने अपने पाप को मान लिया, तो वही कठोर भविष्यद्वक्ता—जिसने इतनी कठोरता से बात की थी—उससे बोला, “यहोवा ने तेरे पाप को दूर किया है; तू न मरेगा।” ओह, दाऊद के लिए वह संदेश कितना सुखद रहा होगा! उन कठोर शब्दों को सुनने के बाद, उसके कानों के लिए वे आवाजें कितनी कोमल और मीठी रही होंगी—ठीक वैसे ही, जैसे कभी-कभी हम कोई जोशीला और वैभवशाली तेज संगीत सुनते हैं, जो हमें रोमांचित और आश्चर्यचकित कर देता है, और फिर अचानक कोई कोमल और मीठी धुन सुनाई देती है, या शायद कुछ पल की सुखद शांति छा जाती है, जिससे हमारे कानों को विश्राम और ताजगी मिलती है। तो ऐसा तब हुआ, जब नातान ने दोष देने के बजाय सांत्वना देना आरम्भ किया, और दाऊद से कहा, “यहोवा ने तेरे पाप को दूर किया है; तू न मरेगा।”
इस समय से आगे, यह बात दाऊद के लिए सदैव एक रोक का काम करेगी; क्योंकि उसे यह एहसास रहेगा कि यदि उसने दोबारा पाप किया, तो परमेश्वर का वह वचन फिर से उसे पकड़ लेगा। यह एक ऐसा वचन था, जिसने पहले अपनी कठोरता से उसे मिट्टी में मिला दिया था, और फिर अपनी कोमलता से उसके हृदय का प्रेम जीत लिया था।
और एक और बात है, जो दाऊद और हमें नातान के आगे के शब्दों में पाप की गंभीरता को स्मरण रखने में सहायता करेगी। बात यह है कि दाऊद के पाप ने उसके शत्रुओं को उसके विरुद्ध बोलने का एक बहाना दे दिया था। उसके पाप का प्रभाव दूसरों पर भी पड़ा था। हमें यह स्मरण रखने की आवश्यकता है। दाऊद को उसके पाप की गंभीरता का एहसास इस बात से कराया गया कि उसका दूसरों पर क्या प्रभाव पड़ा था। नातान ने दाऊद से कहा, “तौभी तू ने जो इस काम के द्वारा यहोवा के शत्रुओं को तिरस्कार करने का बड़ा अवसर दिया है, इस कारण तेरा जो बेटा उत्पन्न हुआ है वह अवश्य ही मरेगा” (वचन 14)। जब हम दाऊद के कुछ भजन पढ़ते हैं, तो हम देख सकते हैं कि दाऊद जानता था कि प्रभु यहोवा के शत्रु दाऊद के पाप की कारण से परमेश्वर की बुराई करते थे। दाऊद को इन सब बातों का एहसास कराया गया, और इससे उसे दोबारा इस तरह का पाप करने से बचने में सहायता मिली होगी, क्योंकि वह परमेश्वर के उद्देश्य, परमेश्वर के घर और परमेश्वर के सेवकों से प्रेम करता था। उसके अतीत में एक ऐसा समय भी था, जब वह यह विश्वास नहीं कर पाता था कि उसके द्वारा परमेश्वर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाना संभव हो सकता है। वह चाहता था कि परमेश्वर की अच्छी प्रतिष्ठा बनी रहे और उसकी महिमा हो। यह उसके कई भजनों में स्पष्ट है। यहाँ तक कि भजन 51 में भी, जिसमें दाऊद अपने व्यभिचार और हत्या के पापों को स्वीकार करता है, वह वचन 18 में यह प्रतीकात्मक और विशिष्ट प्रार्थना जोड़ता है, जो परमेश्वर की प्रतिष्ठा को बनाए रखने और परमेश्वर के नाम की सराहना और महिमा करने की दाऊद की गहरी इच्छा को दर्शाती है: “प्रसन्न होकर सिय्योन की भलाई कर,
यरूशलेम की शहरपनाह को तू बना।”
यहाँ तक कि अपने पापों को स्वीकार करते समय भी, हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि हमारे पाप परमेश्वर की प्रतिष्ठा को कैसे नुकसान पहुँचाते हैं, और हमारे द्वारा उन्हें स्वीकार करने से उस नुकसान की भरपाई कैसे हो सकती है और परमेश्वर की महिमा कैसे हो सकती है। इस शिक्षा से हम तीन निष्कर्ष निकालते हैं: 1. हमारे पाप परमेश्वर का अपमान करते हैं और उसका अनादर करते हैं, ठीक वैसे ही जैसे हमारी स्तुतियाँ उसे ऊँचा उठाती हैं और उसका आदर करती हैं। 2. पूर्ण, छुटकारा और शीघ्र क्षमा का यह अर्थ नहीं है कि पाप गंभीर नहीं है। 3. क्षमा तो पूर्ण होती है, परन्तु पापों के परिणाम फिर भी भुगतने पड़ते हैं।