विश्‍वासियों के लिए बड़ी आशा

अध्याय 91


2 शमूएल 12:15-23

Ron Meyers

नातान ने अपना संदेश दिया और घर चला गया। बहुत संभव है कि एक गंभीर संदेश देने के बाद, उसने दाऊद के लिए प्रार्थना करने में कुछ समय बिताया हो। 1 इतिहास 3:4ब-5 कहता है, “और वहाँ उसने साढ़े सात वर्ष राज्य किया; और यरूशलेम में तैंतीस वर्ष राज्य किया। 5यरूशलेम में उसके ये पुत्र उत्पन्न हुए : अर्थात् शिमा, शोबाब, नातान और सुलैमान, ये चारों अम्मीएल की बेटी बतशेबा से उत्पन्न हुए” और लूका 3:31, जो यूसुफ की वंशावली का हिस्सा है, हमें बताता है कि दाऊद और बतशेबा का पुत्र, नातान, वह व्यक्ति था, जिसके माध्यम से आदम की वंशावली यूसुफ तक जा मिलती है। इसमें “नातान का पुत्र” होने का वर्णन है। इसलिए हम जानते हैं कि अपने पुत्र का नाम नातान के नाम पर रखकर, दाऊद ने नातान का सम्मान किया; उसने कोई मनमुटाव नहीं रखा और उसका आदर किया।


शायद भविष्यद्वक्ता नातान के दाऊद का घर छोड़ने के कुछ समय बाद, दाऊद ने भजन संहिता 51 में अपने प्रसिद्ध अंगीकार और प्रार्थनाएँ लिखीं। पवित्रशास्त्र में यह स्पष्ट है कि परमेश्‍वर की क्षमा बहुत ही पूर्ण और व्यापक थी, और आज भी है; कि पूरब पश्‍चिम से जितना दूर है, परमेश्‍वर ने हमारे अपराधों को हमसे उतना ही दूर कर दिया है (भजन संहिता 103:12)। परमेश्‍वर हमारे पापों को भूल जाता है। यदि हम बाद में फिर से किसी ऐसे पाप का अंगीकार करें, जिसे हमने पहले ही अंगीकार कर लिया था और जिसके लिए हमें क्षमा मिल चुकी थी, तो परमेश्‍वर की क्षमा इतनी पूर्ण है कि वह हमसे पूछ सकता है, “कौन सा पाप?” हमारे विपरीत—जो उन बातों को भूलने में असमर्थ होते हैं, जिन्हें हम भूलना चाहते हैं—वह स्पष्ट रूप से जान-बूझकर भूलने में सक्षम है। यह गहरा सत्य इस बात की एक और स्मृति है कि परमेश्‍वर पूर्ण है, और अपनी पूर्णता में वह निश्‍चित रूप से हमारी समझ से परे है। वह हमसे प्रेम करता है, और निश्‍चित रूप से वह हमारे द्वारा किए गए किसी भी पाप को स्मरण करके लगातार बोझ में नहीं रहना चाहेगा; इसलिए, आश्‍चर्यजनक रूप से, वह उसे पूरी तरह से भूल जाता है। वाह! यह हमें यह समझने में सहायता करेगा कि यहेजकेल किसके बारे में बात कर रहा था, जब उसने कहा था कि हमें अपने पापों का वर्णन दोबारा करने की आवश्यकता नहीं है: “जिससे तू स्मरण करके लज्जित हो, और लज्जा के मारे फिर कभी मुँह न खोले। यह उस समय होगा, जब मैं तेरे सब कामों को ढाँपूँगा, प्रभु यहोवा की यही वाणी है” (यहेजकेल 16:63)।


15तब नातान अपने घर चला गया। जो बच्‍चा ऊरिय्याह की पत्नी से दाऊद के द्वारा उत्पन्न हुआ था, वह यहोवा का मारा बहुत रोगी हो गया। 16अत: दाऊद उस लड़के के लिये परमेश्‍वर से विनती करने लगा; और उपवास किया, और भीतर जाकर रात भर भूमि पर पड़ा रहा। 17तब उसके घराने के पुरनिये उठकर उसे भूमि पर से उठाने के लिये उसके पास गए; परन्तु उसने न चाहा, और उनके संग रोटी न खाई। 18सातवें दिन बच्‍चा मर गया। दाऊद के कर्मचारी उसको बच्‍चे के मरने का समाचार देने से डरे; उन्होंने कहा, “जब तक बच्‍चा जीवित रहा, तब तक उसने हमारे समझाने पर मन न लगाया; यदि हम उसको बच्‍चे के मर जाने का हाल सुनाएँ, तो वह बहुत ही अधिक दु:खी होगा।” 19अपने कर्मचारियों को आपस में फुसफुसाते देखकर दाऊद ने जान लिया कि बच्‍चा मर गया; तो दाऊद ने अपने कर्मचारियों से पूछा, “क्या बच्‍चा मर गया?” उन्होंने कहा, “हाँ, मर गया है।” 20तब दाऊद भूमि पर से उठा, और नहाकर तेल लगाया, और वस्त्र बदला; तब यहोवा के भवन में जाकर दण्डवत् की; फिर अपने भवन में आया; और उसकी आज्ञा पर रोटी उसको परोसी गई, और उसने भोजन किया। 21तब उसके कर्मचारियों ने उससे पूछा, “तू ने यह क्या काम किया है? जब तक बच्‍चा जीवित रहा, तब तक तू उपवास करता हुआ रोता रहा; परन्तु ज्योंही बच्‍चा मर गया, त्योंही तू उठकर भोजन करने लगा।” 22उसने उत्तर दिया, “जब तक बच्‍चा जीवित रहा तब तक तो मैं यह सोचकर उपवास करता और रोता रहा, कि क्या जाने यहोवा मुझ पर ऐसा अनुग्रह करे कि बच्‍चा जीवित रहे। 23परन्तु अब वह मर गया, फिर मैं उपवास क्यों करूँ? क्या मैं उसे लौटा ला सकता हूँ? मैं तो उसके पास जाऊँगा, परन्तु वह मेरे पास लौट कर नहीं आएगा।”


1. दाऊद की अपने पुत्र के लिए सच्ची प्रार्थना करना। वचन 15-19

“तब नातान अपने घर चला गया। जो बच्‍चा ऊरिय्याह की पत्नी से दाऊद के द्वारा उत्पन्न हुआ था, वह यहोवा का मारा बहुत रोगी हो गया” (वचन 15)। जब परमेश्‍वर पाप क्षमा करता है, तो वह पूरी तरह से करता है, परन्तु अतीत में मसीहियों की पीढ़ियों का इतिहास और आज हमारा अपना मानवीय अनुभव यह दर्शाता है कि हम अभी भी अपने पापों के परिणामों के साथ जीते हैं। हम आसानी से देख सकते हैं कि इस स्थिति से दाऊद विनम्र हो गया और उसने अपने बच्चे के लिए पूरी लगन से प्रार्थना की। इसके अतिरिक्त, रात भर की उसकी प्रार्थनाएँ और कई दिनों का उपवास उसकी निष्ठा की गवाही देते हैं, जैसा कि 16-17वें वचनों में बताया गया है: “अत: दाऊद उस लड़के के लिये परमेश्‍वर से विनती करने लगा; और उपवास किया, और भीतर जाकर रात भर भूमि पर पड़ा रहा। तब उसके घराने के पुरनिये उठकर उसे भूमि पर से उठाने के लिये उसके पास गए; परन्तु उसने न चाहा, और उनके संग रोटी न खाई।”


स्पष्ट है, वह अपने पाप की शर्म उठाने को तैयार था, क्योंकि अपने पाप का निशान—अर्थात् उस बच्चे—के मर जाने की इच्छा करने के बजाय (जैसा कि कुछ लोग शायद करते), दाऊद ने पूरी लगन से प्रार्थना की कि वह बच्चा जीवित रहे। हमें ऐसा नहीं दिखता कि दाऊद क्षमा के लिए गिड़गिड़ा रहा था; वह तो उसे पहले ही मिल चुकी थी; वह तो बस सन्तान के जीवन की भीख माँग रहा था। नातान ने उसे बताया था कि बच्चा मर जाएगा; फिर भी, जब तक वह जीवित था और दाऊद को उसके बचने की आशा थी, उसने पूरी लगन से परमेश्‍वर से उसके लिए विनती की। स्पष्ट है, यह सिलसिला सात दिनों तक चलता रहा। दाऊद की प्रार्थनाएँ इतनी तीव्र और सच्ची थीं कि जब बच्चा मर गया, तो उसके सेवक उसे यह बात बताने से डरने लगे।


वचन 18 के अनुसार, जब सातवें दिन बच्चा मर गया, तो सेवकों को इस बात का इतना डर ​​था कि यदि दाऊद को पता चला कि बच्चा मर गया है, तो वह अपने गहरे दु:ख में और भी ज्यादा डूब जाएगा—रोएगा, पछताएगा और उसकी आत्मा और भी ज्यादा व्याकुल हो जाएगी—इसलिए वे उसे यह बात बताने से हिचकिचाने लगे। “सातवें दिन बच्‍चा मर गया। दाऊद के कर्मचारी उसको बच्‍चे के मरने का समाचार देने से डरे; उन्होंने कहा, “जब तक बच्‍चा जीवित रहा, तब तक उसने हमारे समझाने पर मन न लगाया; यदि हम उसको बच्‍चे के मर जाने का हाल सुनाएँ, तो वह बहुत ही अधिक दु:खी होगा।”” दाऊद के सेवकों की मंशा तो अच्छी थी, परन्तु उन्होंने यह सोचने की गलती कर दी कि दाऊद भी उन्हीं की तरह सोचेगा। उन्हें यह नहीं पता था कि दाऊद की प्रतिक्रिया इसके बिल्कुल विपरीत होगी। क्यों? क्योंकि दाऊद—भले ही उस समय नैतिकता और धार्मिकता से भरे विचारों के विकास का आरम्भ दौर ही क्यों न रहा हो—पहले से ही उस आशा के बारे में जानता था, जो हमें मृत्यु के बाद के जीवन में मिल सकती है। दाऊद को अगले जीवन के प्रति वह आशा थी, जो स्पष्ट तौर पर उसके सेवकों के पास नहीं थी। “यदि हम केवल इसी जीवन में मसीह से आशा रखते हैं तो हम सब मनुष्यों से अधिक अभागे हैं।” उन्हें उस सच्चाई का पता नहीं थी, जो पौलुस ने 1 कुरिन्थियों 15:19 में लिखी थी—एक विश्‍वासी के भविष्य के जीवन की वास्तविकता और आशा—जिसे दाऊद ने स्पष्ट तौर पर अपने समकालीनों की तुलना में कहीं पहले ही समझ लिया था। “अपने कर्मचारियों को आपस में फुसफुसाते देखकर दाऊद ने जान लिया कि बच्‍चा मर गया; तो दाऊद ने अपने कर्मचारियों से पूछा, “क्या बच्‍चा मर गया?” उन्होंने कहा, “हाँ, मर गया है” (वचन 19)। अब उनके लिए एक बड़ा आश्‍चर्य प्रतीक्षा कर रहा था।


2. दाऊद द्वारा एक गहरी और व्यावहारिक बात समझाना। वचन 20-23

दाऊद तुरन्त शोक से उत्सव की ओर मुड़ गया। “तब दाऊद भूमि पर से उठा, और नहाकर तेल लगाया, और वस्त्र बदला; तब यहोवा के भवन में जाकर दण्डवत् की; फिर अपने भवन में आया; और उसकी आज्ञा पर रोटी उसको परोसी गई, और उसने भोजन किया” (वचन 20)। 


आज हम कहेंगे कि उसने नहाया, डियोड्रेंट, आफ़्टर-शेव और अच्छे साफ वस्त्र पहने, कलीसिया गया और आराधना की। धर्मी लोगों में अलौकिक ढंग से सोचने की क्षमता होती है। दाऊद और अय्यूब की आत्मिक रूप से परिपक्व प्रतिक्रियाओं के बीच की समानता पर ध्यान दें। दाऊद “यहोवा के भवन में जाकर दण्डवत् की; फिर अपने भवन में आया” और अय्यूब 1:20-21 कहता है, “तब अय्यूब उठा, और बागा फाड़, सिर मुँड़ाकर भूमि पर गिरा और दण्डवत् करके कहा,  “मैं अपनी माँ के पेट से नंगा निकला और वहीं नंगा लौट जाऊँगा; यहोवा ने दिया और यहोवा ही ने लिया; यहोवा का नाम धन्य है।”” इन दोनों बुद्धिमान और गहरी समझ रखने वाले धर्मी लोगों ने अपनी विपत्तियों को स्वीकार किया और उसके सामने स्वयं को दीन बनाया। उन्होंने वैसी ही प्रार्थना की, जैसा याकूब 5:13 में याकूब उन सभी को करने के लिए कहता है, जो विपत्ति में होते हैं: “यदि तुम में कोई दु:खी है, तो वह प्रार्थना करे। यदि आनन्दित है, तो वह स्तुति के भजन गाए।” सभोपदेशक 3:4 के अनुसार, “रोने का समय, और हँसने का भी समय; छाती पीटने का समय, और नाचने का भी समय है” परन्तु रोना और शोक करना कभी भी आराधना में बाधा नहीं डालना चाहिए।


दाऊद ने अपने प्रश्न करने वाले सेवकों को एक विचारपूर्ण स्पष्टीकरण दिया। “तब उसके कर्मचारियों ने उससे पूछा, “तू ने यह क्या काम किया है? जब तक बच्‍चा जीवित रहा, तब तक तू उपवास करता हुआ रोता रहा; परन्तु ज्योंही बच्‍चा मर गया, त्योंही तू उठकर भोजन करने लगा”” (वचन 21)! उसके सेवकों को यह अजीब लगा कि दाऊद बच्चे की बीमारी के कारण स्वयं को कष्ट दे रहा था और फिर बच्चे के मरने पर भोजन कर रहा था। इसलिए दाऊद ने मसीही विश्‍वासियों के विश्‍वास के संबंध में एक गहरे सिद्धान्त का उपयोग समझाया। पूरे संसार में मसीही लोग इसका आनन्द मनाते हैं और मसीही विश्‍वास ही एकमात्र ऐसा विश्‍वास है, जो इतनी ठोस और स्पष्ट व्याख्या के साथ यह आशा प्रदान करता है। दाऊद ने कहा, “जब तक बच्‍चा जीवित रहा तब तक तो मैं यह सोचकर उपवास करता और रोता रहा, कि क्या जाने यहोवा मुझ पर ऐसा अनुग्रह करे कि बच्‍चा जीवित रहे, परन्तु अब वह मर गया, फिर मैं उपवास क्यों करूँ? क्या मैं उसे लौटा ला सकता हूँ? मैं तो उसके पास जाऊँगा, परन्तु वह मेरे पास लौट कर नहीं आएगा”” (वचन 22-23)।

बाइबल में कई स्थानों पर हमें बताया गया है कि परमेश्‍वर ने पश्‍चाताप करने वाले हृदय, नम्रता या किसी अन्य संकेत को देखा, जिससे पता चलता था कि परमेश्‍वर के संदेश का इच्छित प्रभाव पड़ा है और वह व्यक्ति प्रभु परमेश्‍वर की ओर लौट आया है; और तदनुसार, प्रभु ने उस व्यक्ति के पश्‍चाताप से भरे उत्तर और व्यवहार को स्वीकार करते हुए, वह काम बदल दिया, जिसे वह करने वाला था। दाऊद ने सोचा, "क्या जाने यहोवा मुझ पर ऐसा अनुग्रह करे कि बच्‍चा जीवित रहे।" आज भी यहूदी सिद्धान्तों और परंपराओं में घटनाओं की व्याख्या करने का यही तरीका है, जिसे परमेश्‍वर उपयोग करता है: यदि कोई व्यक्ति पश्‍चाताप करता है, तो उस पर आया खतरा, न्याय या चेतावनी सफल मानी जाती है। जिस चेतावनी पर ध्यान दिया जाता है और जो पश्‍चाताप की ओर ले जाती है, वह एक सफल चेतावनी होती है; और सफल होने के कारण, अब उसे पूरा करने की आवश्यकता नहीं रहती। यह न्याय या चेतावनी का एक सफल खतरा है; यह इस अर्थ में सफल था कि इसका इच्छित प्रभाव पड़ा। इसलिए, दाऊद का बच्चे के जीवन के लिए उपवास करना और प्रार्थना करना बिल्कुल सही था। परन्तु जब बच्चा मर गया और दाऊद देख सका कि इस बार परमेश्‍वर की योजना में चंगाई और बहाली शामिल नहीं है, तो उसने उस समय के लिए परमेश्‍वर की योजना के आगे समर्पण कर दिया, आराधना की, और अपने घरेलू तथा सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ गया—जैसा कि हम इस श्रृँखला की अगली शिक्षा में देखेंगे कि उसने वास्तव में ऐसा ही किया।


जब हम मुसीबत में होते हैं, तो हम सदैव एक समर्पित, शांत और भरोसेमंद हृदय के साथ प्रार्थना यह देखने के लिए कर सकते हैं, कि क्या परमेश्‍वर हमें बचाएगा। भले ही हमारे पास कोई विशिष्ट या विशेष प्रतिज्ञा न हो, जिसे हम परमेश्‍वर के सामने अपनी मध्यस्थता के समय उद्धृत कर सकें, या भले ही हमें अपने सामने आए विषय में परमेश्‍वर की इच्छा का पता न हो, फिर भी हम उससे यह पूछ सकते हैं कि, यदि वह चाहें, तो क्या वह अमुक कार्य करेगा। समर्पित प्रार्थना एक शक्तिशाली प्रार्थना होती है। लगातार की जाने वाली प्रार्थना समर्पित हो सकती है, या यह इस बात का संकेत भी हो सकती है कि हम हठी हैं। हमें सावधानीपूर्वक यह समझना चाहिए कि कब और कब नहीं, लगातार प्रार्थना करना उचित है।


जब कोई रिश्तेदार या मित्र बीमार पड़ जाता है, तो विश्‍वास की प्रार्थना बहुत ज्यादा प्रभावी हो सकती है; जब तक जीवन है, तब तक आशा है, और यही आशा प्रार्थना के लिए स्थान बनाती है। यदि बीमार व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो यह परमेश्‍वर की ओर से सामर्थ्य, प्रेम या मंशा की कमी का कोई संकेत नहीं है। दाऊद ने आराधना की। वह सन्तान को वापस जीवित नहीं ला सका। मृत लोगों को सामान्य तौर पर प्रार्थना की पहुँच से बाहर माना जाता है। आँसू और प्रार्थनाएँ हमारे प्रियजनों को वापस जीवित नहीं ला सकतीं। उनके लिए बहुत ज्यादा शोक मनाने के बजाय, यह स्मरण रखना ज्यादा लाभदायी और सुकून देने वाला है कि हमारे पास परमेश्‍वर के साथ भविष्य की आशा है। उनकी मृत्यु का शोक मनाने के बजाय, हमें अपनी मृत्यु की तैयारी करनी चाहिए। यहाँ तक कि यीशु की मृत्यु और कब्र पर विजय पाने और विश्‍वासियों को अनंत जीवन के लिए पुनरुत्थान की आशा देने से पहले के समय में भी, परमेश्‍वर के लोगों के पास अपने भविष्य के लिए कुछ आशा थी। अब, बाइबल में मसीह के पुनरुत्थान और स्वर्गारोहण के कारण होने वाले पुनरुत्थान की शिक्षाओं को देखते हुए, उस विचार को और भी ज्यादा जोर देकर समझाया और स्पष्ट किया गया है।

धर्मी माता-पिता अपने मृत बच्चों के साथ सुखद पुनर्मिलन की बड़ी आशा रख सकते हैं। हमारे मृत शिशु और वे मसीही बच्चे, जो कम आयु में मर जाते हैं, वे कहीं ज्यादा प्रसन्न होते हैं और बहुत सारे दु:खों से बच जाते हैं। दाऊद के परिवार में कई आँतरिक समस्याएँ थीं। निश्‍चित रूप से, तामार, जो जीवित रही, फिर भी उसने बहुत ज्यादा दु:ख सहा, वह दाऊद और बतशेबा को उनके पहले बच्चे की मृत्यु के बारे में सांत्वना दे सकती थी, जो मर गया था और उसे कोई दु:ख नहीं सहना पड़ा। उस छोटे से शिशु को बचा लिया गया, जबकि तामार, जो जीवित रही, उसे दाऊद की देखरेख में अपने भाई अम्नोन के हाथों बहुत दु:ख सहना पड़ा। कौन गारंटी दे सकता है कि यदि वह बच्चा जीवित रहता, तो उसका जीवन सर्वोत्तम या अच्छा होता? यशायाह 57:1 और 2 में किसी भी प्रियजन को खोने वाले व्यक्ति के लिए बहुत बड़ी सांत्वना है। यह ज्ञान किसी भी शिशु की मृत्यु के विषय में एक अनोखे और अद्भुत तरीके से लागू होता है। “धर्मी जन नष्‍ट होता है, और कोई इस बात की चिन्ता नहीं करता; भक्‍त मनुष्य उठा लिए जाते हैं, परन्तु कोई नहीं सोचता। धर्मी जन इसलिये उठा लिया गया कि आनेवाली आपत्ति से बच जाए, वह शान्ति को पहुँचता है; जो सीधी चाल चलता है, वह अपनी खाट पर विश्राम करता है।” दाऊद को यह सांत्वना मिली थी, और हम भी इसे पा सकते हैं, और हम इसे दूसरों तक पहुँचा सकते हैं।

3. पुनरुत्थान मसीही कलीसिया की महान शिक्षाओं में से एक है।

दाऊद का जीवन बाइबल में बताई गई कई महत्वपूर्ण शिक्षाओं को सामने लाता है। इस शिक्षा में, दाऊद को अपने मृत पुत्र को फिर से देखने की जो आशा थी, वह पुनरुत्थान के विषय को उठाती है। यीशु ने यूहन्ना 5:28-29 में कहा, “इससे अचम्भा मत करो; क्योंकि वह समय आता है कि जितने कब्रों में हैं वे उसका शब्द सुनकर निकल आएँगे। जिन्होंने भलाई की है वे जीवन के पुनरुत्थान के लिये जी उठेंगे और जिन्होंने बुराई की है, वे दण्ड के पुनरुत्थान के लिये जी उठेंगे।” मृतकों के पुनरुत्थान की शिक्षा विशेष रूप से एक मसीही मान्यता है। सदियों से, केवल कुछ ही दार्शनिकों ने आत्मा की अमरता के बारे में सावधानी से बोलने का साहस किया। परन्तु यह कि शरीर फिर से जीवित हो उठेगा और इस भौतिक शरीर के लिए एक और भविष्य का जीवन होगा—यह एक ऐसी आशा है, जो हमें केवल यीशु के प्रकाशन द्वारा ही मिली है। मनुष्य इतने बड़े आश्‍चर्यकर्म की कल्पना नहीं कर सकता था; और वह इस बात से अपनी असमर्थता प्रमाणित करता है कि वह इसे स्वयं नहीं गढ़ सकता था—क्योंकि आज भी, ठीक वैसे ही जैसे सदियों पहले अथेने अर्थात् एथेंस में हुआ था, जब लोग पहली बार इसके बारे में सुनते हैं, तो उनमें से कई अविश्‍वास में इसका ठट्ठों उड़ाने लगते हैं। जब पौलुस एथेंस में था, जैसा कि प्रेरितों के काम 17:30, 31 में वर्णित है, तो उसने कहा, “इसलिये परमेश्‍वर ने अज्ञानता के समयों पर ध्यान नहीं दिया, पर अब हर जगह सब मनुष्यों को मन फिराने की आज्ञा देता है। 31क्योंकि उसने एक दिन ठहराया है, जिसमें वह उस मनुष्य के द्वारा धार्मिकता से जगत का न्याय करेगा, जिसे उसने ठहराया है, और उसे मरे हुओं में से जिलाकर यह बात सब पर प्रमाणित कर दी है।” 32मरे हुओं के पुनरुत्थान की बात सुनकर कुछ तो ठट्ठा करने लगे, और कुछ ने कहा, “यह बात हम तुझ से फिर कभी सुनेंगे।” यह एक नया और मतभेद पैदा करने वाला विषय था। जैसा कि यहेजकेल ने कहा था, “क्या ये सूखी हड्डियाँ जीवित हो सकती हैं?” वैसे ही स्वाभाविक मनुष्य इस विचार का तिरस्कार करता रहता है। यीशु ही वह है, जिसने वास्तव में इस अद्भुत सत्य पर जोर दिया। इसे मसीही विश्‍वास के भवन के कोने के सिरे का पत्थर माना जा सकता है। यह राजा यीशु के अधिकार का एक महान प्रमाण है। हमारे पवित्र विश्‍वास में यह यीशु मसीह के व्यक्तित्व से जुड़ा हुआ है और उनके मुकुट के सबसे चमकीले रत्नों में से एक है।


पुनरुत्थान के बारे में बाइबल की शिक्षाओं का प्रचार किया जाना चाहिए। यह आशा का एक संदेश है। पौलुस कुरिन्थ के विश्‍वासियों को लिखे अपने पत्र, 1 कुरिन्थियों 15 में इस विषय पर विस्तार से लिखता है। सुनिए जब उसने उस अध्याय का आरम्भ किया, तो 1-4 वचनों में क्या लिखा: “1हे भाइयो, अब मैं तुम्हें वही सुसमाचार बताता हूँ, जो पहले सुना चुका हूँ, जिसे तुम ने अंगीकार भी किया था और जिसमें तुम स्थिर भी हो। 2उसी के द्वारा तुम्हारा उद्धार भी होता है, यदि उस सुसमाचार को जो मैं ने तुम्हें सुनाया था स्मरण रखते हो; नहीं तो तुम्हारा विश्‍वास करना व्यर्थ हुआ। 3इसी कारण मैं ने सबसे पहले तुम्हें वही बात पहुँचा दी, जो मुझे पहुँची थी कि पवित्रशास्त्र के वचन के अनुसार यीशु मसीह हमारे पापों के लिये मर गया, 4और गाड़ा गया, और पवित्रशास्त्र के अनुसार तीसरे दिन जी भी उठा।” आज भी हम लाभ उठा सकते हैं, यदि हम उस प्रेरित की बात सुनें, जब वह उस सुसमाचार का वर्णन करता है, जिसे उसने सुनाया था और जिसके द्वारा सच्चे विश्‍वासियों का उद्धार हुआ। मसीह के पुनरुत्थान के आधार पर, पौलुस यह तर्क देता है और इस बात पर जोर देता है कि यदि मसीह फिर से नहीं जी उठा, तो कोई भी पुनर्जीवित नहीं होगा और न ही हो सकता है; और यह कि मसीहियों का विश्‍वास और उसका अपना प्रचार—दोनों ही व्यर्थ थे। आरम्भिक कलीसिया में पुनरुत्थान का सिद्धान्त, प्रचारक के लिए युद्ध का मुख्य अस्त्र और हथियार था।


जहाँ कहीं भी पहले मिशनरी गए, उन्होंने इस संदेश को प्रमुखता दी कि न्याय का एक दिन आएगा और मृत लोग फिर से जी उठेंगे, ताकि उसके सुसमाचार के अनुसार, 'मनुष्य मसीह यीशु' द्वारा उनका न्याय किया जा सके। यदि हम पुनर्जीवित उद्धारकर्ता यीशु का सम्मान करना चाहते हैं, तो हमें इस सत्य को प्रमुखता देनी होगी। आज भी परमेश्‍वर इस शिक्षा का उपयोग मनुष्यों के मनों को जगाने के लिए करता है। जब हम यह सोचते हैं कि हमारे कार्य केवल इसी वर्तमान जीवन तक सीमित है, तो हम लापरवाह हो जाते हैं; परन्तु जब हम यह जान लेते हैं और इस बात के प्रति सचेत रहते हैं कि हमारे विचारों और व्यवहारों के परिणाम दूरगामी होते हैं—और वे निश्‍चित रूप से हमारे अनंत भविष्य को, चाहे वह अच्छा हो या बुरा, निर्धारित करते हैं—तब हम उन पर अधिक गंभीरता से विचार करते हैं।


लापरवाह पापी के लिए, कौन-सी तुरही की पुकार इससे अधिक चेतावनीपूर्ण हो सकती है? या कौन-सी आवाज इससे अधिक जगाने वाली हो सकती है—यह समाचार कि इस जीवन के बाद भी एक जीवन है, और कि मनुष्यों को मसीह के न्याय-आसन के सामने खड़ा होना पड़ेगा, ताकि उन्हें अपने शरीर द्वारा किए गए कार्यों के लिए—चाहे वे अच्छे हों या बुरे—प्रतिफल या दण्ड मिल सके? और एक विश्‍वासी के लिए इससे बड़ी आशा और क्या हो सकती है—यह जानना कि न्याय अवश्य होगा, और कि इस जीवन में यीशु के लिए किए गए प्रत्येक बलिदान का उसे अगले जीवन में उचित प्रतिफल अवश्य मिलेगा? यह हमें परमेश्‍वर की संपूर्ण योजना का प्रचार, अधिक आनन्दपूर्वक और प्रभावी ढंग से करने में सहायता देगा। 


दाऊद को यह आशा थी, और हम उससे यह सीख सकते हैं कि हम भी ऐसी आशा रख सकते हैं। यह बाइबल की महान सच्चाइयों में से एक है। जब हम यीशु को देखेंगे, तो यह सब कुछ सार्थक हो जाएगा।