एक बुरी योजना
अध्याय तिरानवे
2 शमूएल 13:1-14

Ron Meyers
1तामार नामक एक सुन्दरी जो दाऊद के पुत्र अबशालोम की बहिन थी, उस पर दाऊद का पुत्र अम्नोन मोहित हुआ। 2अम्नोन अपनी बहिन तामार के कारण ऐसा विकल हो गया कि बीमार पड़ गया; क्योंकि वह कुमारी थी, और उसके साथ कुछ करना अम्नोन को कठिन जान पड़ता था। 3अम्नोन के योनादाब नामक एक मित्र था, जो दाऊद के भाई शिमा का बेटा था; और वह बड़ा चतुर था। 4उसने अम्नोन से कहा, “हे राजकुमार, क्या कारण है कि तू प्रतिदिन ऐसा दुबला होता जाता है, क्या तू मुझे न बताएगा?” अम्नोन ने उससे कहा, “मैं तो अपने भाई अबशालोम की बहिन तामार पर मोहित हूँ।” 5योनादाब ने उससे कहा, “अपने पलंग पर लेटकर बीमार बन जा; और जब तेरा पिता तुझे देखने आए, तब उससे कहना, ‘मेरी बहिन तामार आकर मुझे रोटी खिलाए, और भोजन को मेरे सामने बनाए, कि मैं उसको देखकर उसके हाथ से खाऊँ’।” 6अत: अम्नोन लेटकर बीमार बना; और जब राजा उसे देखने आया, तब अम्नोन ने राजा से कहा, “मेरी बहिन तामार आकर मेरे देखते दो पूरी बनाए, कि मैं उसके हाथ से खाऊँ।”
7तब दाऊद ने अपने घर तामार के पास यह कहला भेजा, “अपने भाई अम्नोन के घर जाकर उसके लिये भोजन बना।” 8तब तामार अपने भाई अम्नोन के घर गई, और वह पड़ा हुआ था। तब उसने आटा लेकर गूँधा, और उसके देखते पूरियाँ पकाईं। 9तब उसने थाल लेकर उनको उसके लिये परोसा, परन्तु उसने खाने से इन्कार किया। तब अम्नोन ने कहा, “मेरे आस पास से सब लोगों को निकाल दो।” तब सब लोग उसके पास से निकल गए। 10तब अम्नोन ने तामार से कहा, “भोजन को कोठरी में ले आ, कि मैं तेरे हाथ से खाऊँ।” तो तामार अपनी बनाई हुई पूरियों को उठाकर अपने भाई अम्नोन के पास कोठरी में ले गई। 11जब वह उनको उसके खाने के लिये निकट ले गई, तब उसने उसे पकड़ कर कहा, “हे मेरी बहिन, आ, मुझ से मिल।” 12उसने कहा, “हे मेरे भाई, ऐसा नहीं, मुझे भ्रष्ट न कर; क्योंकि इस्राएल में ऐसा काम होना नहीं चाहिये; ऐसी मूढ़ता का काम न कर। 13फिर मैं अपनी नामधराई लिये हुए कहाँ जाऊँगी? और तू इस्राएलियों में एक मूढ़ गिना जाएगा। तू राजा से बातचीत कर, वह मुझ को तुझे ब्याह देने के लिये मना न करेगा।” 14परन्तु उसने उसकी न सुनी; और उससे बलवान होने के कारण उसके साथ कुकर्म करके उसे भ्रष्ट किया।
दाऊद ने बतशेबा के साथ किए गए अपने पाप के लिए क्षमा माँगी और उसे क्षमा मिल भी गई, परन्तु नातान ने कहा था, "तलवार तेरे घर से कभी दूर न होगी।" इस और इस श्रृँखला में आगे आने वाले पाठों में, आप उतनी आशीषों, सफलताओं, दयालुता, सम्मान, कृपा और आनन्द को पढ़ने की आशा न करें, जितनी कि हमने 2 शमूएल 2-10 में देखी थीं। इस पाठ के साथ हम कई त्रासदियों, असफलताओं, फूट, गलतफहमियों, असफलताओं, निराशाओं और नुकसानों के बारे में पढ़ना आरम्भ करते हैं। पाप किसी भी व्यक्ति को बुराई के लिए खुला छोड़ देता है, जबकि भलाई उसकी रक्षा करती और उसे सुरक्षित रखती है। जब ऐसा किसी आत्मिक अगुवा के साथ होता है, तो उसके परिणाम कहीं ज्यादा दूरगामी होते हैं। यदि परमेश्वर ने आपको आत्मिक अगुवाई के लिए बुलाया है, तो उसकी सेवा सावधानी से, विनम्रता से और ध्यान से करें।
1. बहुत बुरी सलाह। वचन 1-5
अपनी बहिन तामार के विरुद्ध अम्नोन के पाप का यह विवरण, जब भी मैं हर वर्ष बाइबल पढ़ते हुए इसे पढ़ता हूँ, तो मुझे बहुत दु:ख होता है। यह विषय वर्णन करने योग्य भी नहीं है कि कोई भी व्यक्ति, विशेषकर दाऊद का पुत्र, इतना घिनौना पाप करे। हमें यह देखकर दु:ख होता है कि दाऊद के तीन बेटों ने उसके अच्छे चरित्र के उदाहरण का पालन नहीं किया, परन्तु कुछ ने अनैतिक तरीकों से उसके उदाहरण का पालन किया।
लोगों के मन में बुराई होती है, परन्तु यह बुरा विचार अम्नोन के अपने मन से आया था या शैतान ने उसे उकसाया था, यह पता नहीं है। हमारे साथ भी ऐसा ही होता है। परन्तु बुरा विचार कहीं से भी आए, अपने मन और इच्छाओं पर नियंत्रण रखना हमारी जिम्मेदारी है। वचन 1-2 कहते हैं, "तामार नामक एक सुन्दरी जो दाऊद के पुत्र अबशालोम की बहिन थी, उस पर दाऊद का पुत्र अम्नोन मोहित हुआ। अम्नोन अपनी बहिन तामार के कारण ऐसा विकल हो गया कि बीमार पड़ गया; क्योंकि वह कुमारी थी, और उसके साथ कुछ करना अम्नोन को कठिन जान पड़ता था" सुन्दरी हम में से कुछ लोगों के लिए एक जाल होती है, और स्पष्ट है, अम्नोन या तामार, या दोनों के लिए भी ऐसा ही था। पवित्रशास्त्र में "प्रेम" शब्द का उपयोग किया गया है, परन्तु वह प्रेम नहीं था; वह हवस थी। अम्नोन एक से ज्यादा तरीकों से बीमार था। उसकी आत्मा बीमार थी। उस पर अपना कोई नियंत्रण नहीं था। वह परमेश्वर से प्रेम नहीं करता था और उसके पास कोई नैतिक दिशा-निर्देश नहीं थे। हम सभी में इस बीमारी का थोड़ा-बहुत अंश विद्यमान है, परन्तु परमेश्वर का धन्यवाद है कि बाइबल हमें जीवन और स्वास्थ्य प्रदान करने वाला इसका उपाय बताती है।
जो लोग सुंदर या आकर्षक होते हैं, उनके पास इस कारण से घमण्डी होने का कोई कारण नहीं होता; बल्कि उन्हें और भी ज्यादा सावधान रहना चाहिए। परन्तु अम्नोन के विषय में, अपनी बहिन के प्रति ऐसी हवस रखना एक अस्वाभाविक विकृति थी। यह निश्चित रूप से एक 'वर्जित फल' था, और यह दानव—उसका भाई—जिसे अपनी बहिन के सम्मान की रक्षा करनी चाहिए थी, उसने ही उसे कलंकित करने का नीच काम किया। उसके शरीर के प्रति उसकी अस्वाभाविक इच्छा इतनी प्रबल थी कि वह बीमार पड़ गया। उसकी शारीरिक हवस उसकी आत्मा और शरीर के साथ संघर्ष कर रही थी। पापी लोग एक कठोर स्वामी की सेवा करते हैं।
शैतान ने शायद अम्नोन की अपनी स्वाभाविक बुरी इच्छा का ही सहारा लिया, ताकि उस प्रलोभन को और भी अधिक शक्तिशाली बना सके। शैतान अक्सर ऐसा ही करता है—हमारी स्वाभाविक प्रवृत्तियों का उपयोग हमारे ही विरुद्ध बुराई करने के लिए करता है; वह इच्छा को बढ़ाता है, आग में घी डालने का काम करता है, और हमें गलत काम करने के लिए उकसाता है। इस विषय में, अम्नोन का एक मित्र था—या कम से कम उसे ऐसा ही कहा जाता था। यदि वह वास्तव में एक सच्चा मित्र होता (वास्तव में वह उसका चचेरा भाई था), तो वह अम्मोन को उसके सामने आने वाले खतरे के प्रति तुरन्त सचेत कर देता; परन्तु यदि अम्नोन ने ऐसे किसी रिश्तेदार को अपना "मित्र" चुना था, तो यह बात हमें अम्नोन के चरित्र के बारे में बहुत कुछ बता देती है। यह व्यक्ति दाऊद का भतीजा था, और ऐसा प्रतीत होता था कि उस में दाऊद के लहू का प्रभाव तो अधिक था, परन्तु दाऊद की आत्मा या उसके गुणों का प्रभाव बहुत कम था। वचन 3-4 में कहा गया है: "अम्नोन के योनादाब नामक एक मित्र था, जो दाऊद के भाई शिमा का बेटा था; और वह बड़ा चतुर था। उसने अम्नोन से कहा, "हे राजकुमार, क्या कारण है कि तू प्रतिदिन ऐसा दुबला होता जाता है, क्या तू मुझे न बताएगा?" अम्नोन ने उससे कहा, "मैं तो अपने भाई अबशालोम की बहिन तामार पर मोहित हूँ।""
योनादाब ने अम्नोन की मानसिक स्थिति की कमजोरी को भांप लिया। तू राजा का पुत्र है; राजदरबार के असंख्य सुख-विलास तेरी मुट्ठी में हैं। इसके विपरीत, बोबीलोन में रहने वाले दानिय्येल और उसके मित्र यह भली-भांति जानते थे कि राजा के दरबार के सुख-विलास से सच्ची प्रसन्नता प्राप्त नहीं होती; परन्तु योनादाब और अम्नोन—दोनों में से किसी को भी इस सत्य की समझ नहीं थी। योनादाब अत्यंत चतुर-बुद्धि वाला और धूर्त व्यक्ति था; उसने तुरन्त ही अम्नोन को उसकी तथाकथित "बीमारी" का एक उपाय सुझा दिया। उसने कहा, "तेरे पास एक राजकुमार की शक्ति है—उसका उपयोग कर; अपने पिता से इस विषय में बात कर।" ईज़ेबेल ने भी अपने पति, अहाब को इसी तरह की सलाह दी थी। 1 राजा 21:7 कहता है, “उसकी पत्नी ईज़ेबेल ने उससे कहा, “क्या तू इस्राएल पर राज्य करता है कि नहीं? उठकर भोजन कर; और तेरा मन आनन्दित हो; यिज्रेली नाबोत की दाख की बारी मैं तुझे दिलवा दूँगी।”” ‘अपनी इच्छाओं को पूरी कर। उदास मत रह। तू राजा का पुत्र है—चाहे तू सही हो या नहीं—अपनी पदवी का उपयोग करके अपना लक्ष्य प्राप्त कर।’ क्या आप इस चतुराई से भरी सलाह में छिपे खतरे को देख पा रहे हैं? क्या शैतान आज भी हम पर इसका उपयोग नहीं करता? ...आसानी से मिलने वाली संतुष्टि, शारीरिक सुख, पूरी होने वाली इच्छाएँ? ये सब आपके लिए उपलब्ध हैं। अपने सुखों का आनन्द लें। अपने दु:खों को दूर भगाएँ। अपनी सहायता स्वयं करें! परन्तु ऐसे मार्ग के आखिर में मृत्यु और नाश ही मिलता है।
आप और मैं, राजाओं के राजा के बेटों और बेटियों से—ज्यादा अधिकार और निश्चित रूप से ज्यादा भलाई के साथ—यह कह सकते हैं: ‘अपने पिता से माँगे। वह आपको मना नहीं करेगा। अपनी विनतियाँ उसके अनुग्रह के सिंहासन के सामने रखें और आवश्यकता के समय सहायता पाएँ। अपने अधिकारों का उपयोग करें, मिले अवसरों को थाम लें और राजा की सन्तान की तरह जीवन व्यतीत करें! पिता की प्रतिज्ञाएँ को स्वीकार करें और ऊँचे आत्मिक दायरे में उसके साथ घनिष्ठता के लाभों का आनन्द लें।’ यह उस सत्ता के दुरुपयोग से बहुत अलग है, जो इस निचले सांसारिक क्षेत्र में मिलती है—जैसा कि योनादाब ने अम्नोन को करने की सलाह दी थी।
इस कहानी में हम गलत संगति के भयानक परिणामों को देख सकते हैं। अम्नोन को उसकी अनैतिक इच्छाओं के परिणामों के बारे में चेतावनी देने के बजाय, योनादाब ने उसे बहुत ही ज्यादा दुष्टता से सलाह दी। वचन 5 कहता है: “अपने पलंग पर लेटकर बीमार बन जा; और जब तेरा पिता तुझे देखने आए, तब उससे कहना, ‘मेरी बहिन तामार आकर मुझे रोटी खिलाए, और भोजन को मेरे सामने बनाए, कि मैं उसको देखकर उसके हाथ से खाऊँ।’” यदि वह सचमुच वैसा मित्र होता, जैसा वह होने का दिखावा कर रहा था, तो वह ऐसी घोर दुष्टता का वर्णन सुनकर ही डर के मारे पीछे हट जाता—जिसका वर्णन वह स्वयं ही कर रहा था। वह उसे समझाता कि यह कितना बुरा काम है, इससे परमेश्वर कितना क्रोधित होगा, और इससे उसकी अपनी आत्मा को कितना नुकसान पहुँचेगा; वह उसे बताता कि इसके कितने घातक परिणाम हो सकते हैं, और वह किसी और ज्यादा अच्छी लड़की से विवाह क्यों नहीं कर लेता। परन्तु नहीं! उसने सलाह दी कि तामार को अपने बिछौने के पास कैसे बुलाया जाए, ताकि उसके बाद वह जो चाहे कर सके। अम्नोन पहले से ही बीमार था, और अब योनादाब ने उसे और भी ज्यादा बीमार बनाने में सहायता की। और वह सचमुच और भी ज्यादा बीमार हो गया।
2. एक बहुत ही दुष्ट योजना को लागू किया जाना। वचन 6-14
अम्नोन ने योनादाब की सलाह मानी और जल्द ही दाऊद अपने बीमार पुत्र से मिलने गया। वचन 6 कहता है, “अत: अम्नोन लेटकर बीमार बना; और जब राजा उसे देखने आया, तब अम्नोन ने राजा से कहा, “मेरी बहिन तामार आकर मेरे देखते दो पूरी बनाए, कि मैं उसके हाथ से खाऊँ।”” मान लेते हैं कि दाऊद ने उसे अच्छी सलाह दी, उसके साथ प्रार्थना की और पूछा कि वह उसके लिए क्या कर सकता है। इसलिए अम्मोन अपनी योजना पर चलता रहा और उसने अपना अनुरोध किया। स्पष्ट है, दाऊद को इसमें कुछ भी गलत होने का कोई कारण नहीं दिखा और उसने तुरन्त तामार को उसके भाई के कमरे में भेज दिया। परमेश्वर ने इस विषय में दाऊद के मन से समझ को छिपा लिया था। इसलिए उसने तुरन्त तामार को आदेश दिया कि वह जाए और अपने बीमार भाई की सेवा करे। वचन 7 कहता है, “तब दाऊद ने अपने घर तामार के पास यह कहला भेजा, “अपने भाई अम्नोन के घर जाकर उसके लिये भोजन बना।”” हालाँकि उसने यह सब भोलेपन में किया था, परन्तु बाद में शायद उसे इस पर बहुत पछतावा हुआ होगा। मैं यह देखे बिना नहीं रह सकता कि जीवन की यात्रा में कुछ चीजें बहुत स्वाभाविक और सही लगती हैं, परन्तु उनके परिणाम बहुत दु:खद हो सकते हैं। हमें पवित्र आत्मा के मार्गदर्शन और चेतावनियों की आवश्यकता है। वचन 8-9 कहते हैं, “तब तामार अपने भाई अम्नोन के घर गई, और वह पड़ा हुआ था। तब उसने आटा लेकर गूँधा, और उसके देखते पूरियाँ पकाईं। तब उसने थाल लेकर उनको उसके लिये परोसा, परन्तु उसने खाने से इन्कार किया। तब अम्नोन ने कहा, “मेरे आस पास से सब लोगों को निकाल दो।” तब सब लोग उसके पास से निकल गए।”
हालाँकि वह एक सुन्दर राजकुमारी थी और अच्छे वस्त्र पहने हुए थी, फिर भी वह अपने भाई के लिए पूरियाँ और रोटियाँ बनाने में प्रसन्न थी। यदि उसे रोटियाँ बनाने की आदत न होती, तो वह उस समय ऐसा नहीं कर पाती। इसलिए अम्मोन ने उसे अपने पास बुला लिया था, परन्तु उसे तामार के साथ अकेले रहने की आवश्यकता थी। वचन 9-10 कहते हैं, “तब अम्नोन ने कहा, “मेरे आस पास से सब लोगों को निकाल दो।” तब सब लोग उसके पास से निकल गए। तब अम्नोन ने तामार से कहा, “भोजन को कोठरी में ले आ, कि मैं तेरे हाथ से खाऊँ।” तो तामार अपनी बनाई हुई पूरियों को उठाकर अपने भाई अम्नोन के पास कोठरी में ले गई।”
तामार उसकी बात मानने को तैयार थी, क्योंकि अपनी भलाई और भोलेपन में उसे उस गंदगी, बुराई और हिंसा का थोड़ा सा भी अनुमान नहीं था, जो अम्मोन के मन में छिपी हुई थी। परन्तु जल्द ही उसका परदा उतर गया। वचन 11 कहता है, “जब वह उनको उसके खाने के लिये निकट ले गई, तब उसने उसे पकड़ कर कहा, “हे मेरी बहिन, आ, मुझ से मिल।”” अम्नोन का व्यवहार नीच, बिना सोचे-समझे किया गया, नीचता भरा, हिंसक, मूर्खतापूर्ण, क्रूर, निर्दयी, वासना से भरा, जंगली और दुष्टतापूर्ण था। आखिर उसने ऐसा क्यों सोचा कि तामार उसकी बात मान लेगी? फिर भी जो लोग स्वयं अपवित्र होते हैं, वे आसानी से मान लेते हैं कि दूसरे भी वैसे ही हैं।
जब मैं वचन 12-14 पढ़ता हूँ, तो मेरा रोने का मन करता है। “उसने कहा, “हे मेरे भाई, ऐसा नहीं, मुझे भ्रष्ट न कर; क्योंकि इस्राएल में ऐसा काम होना नहीं चाहिये; ऐसी मूढ़ता का काम न कर। फिर मैं अपनी नामधराई लिये हुए कहाँ जाऊँगी? और तू इस्राएलियों में एक मूढ़ गिना जाएगा। तू राजा से बातचीत कर, वह मुझ को तुझे ब्याह देने के लिये मना न करेगा।” परन्तु उसने उसकी न सुनी; और उससे बलवान होने के कारण उसके साथ कुकर्म करके उसे भ्रष्ट किया।””
ऐसा लगता है कि अम्नोन के कानों पर किसी भी समझदारी की बात का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा था। वह उसे रोकने के लिए मना नहीं पाई। आक्रमण के उस अविश्वास और उलझन के माहौल में भी, जब तामार शर्म से लाल हो रही थी और उसका कमजोर शरीर काँप रहा था, फिर भी उसने अम्मोन को उसकी बुरी योजना को छोड़ने के लिए समझदारी भरे तर्क दिए। उसने उसे “भाई” कहकर पुकारा। लैव्यव्यवस्था 18:9 कहता है, “अपनी बहिन चाहे सगी हो चाहे सौतेली हो, चाहे वह घर में उत्पन्न हुई हो चाहे बाहर, उसका तन न उघाड़ना” और लैव्यव्यवस्था 20:17 कहता है, “यदि कोई अपनी बहिन का, चाहे उसकी सगी बहिन हो चाहे सौतेली, उसका नग्न तन देखे, और उसकी बहिन भी उसका नग्न तन देखे, तो यह निन्दित बात है, वे दोनों अपने जाति भाइयों की आँखों के सामने नष्ट किए जाएँ; क्योंकि जो अपनी बहिन का तन उघाड़नेवाला ठहरेगा उसे अपने अधर्म का भार स्वयं उठाना पड़ेगा।” यह एक बहुत ही बुरा काम होगा। उसने अपने लिए भी गुहार लगाई। मैं इस बदनामी को कैसे मिटा पाऊँगी? इसके अतिरिक्त, उसने समझाया कि यह अम्नोन के लिए भी अच्छा नहीं होगा। भले ही तू सबसे पहले पैदा हुआ है, परन्तु क्या इस्राएल ऐसे मूर्ख के शासन को स्वीकार करेगा? क्या अम्नोन अपनी बहिन की उस भलाई का बदला इसी तरह देगा, जो उसकी सेवा करने के लिए उसके पास आई थी?
अम्नोन में इस सीमा की दुष्टता शायद अचानक पैदा नहीं हुई होगी, न ही अचानक दिखाई दी होगी। हम अनुमान लगा सकते हैं कि यह धीरे-धीरे बढ़ी होगी, और दाऊद को या तो इसके बारे में पता नहीं चला होगा, या उसे लगा होगा कि वह कमजोर है और उसने इसे सुधारा नहीं होगा। पवित्रशास्त्र में और भी संकेत मिलते हैं, जो अपनी सन्तान की सही पालन-पोषण न करने का दोष दाऊद पर डालते हैं। वर्षों बाद, जब दाऊद बूढ़ा हो जाता है, तो अबशालोम का छोटा सौतेला भाई राजा बनने की कोशिश करता है। 1 राजा 1:5-6 में इसके बारे में यह कहा गया है: “तब हग्गीत का पुत्र अदोनिय्याह सिर ऊँचा करके कहने लगा, “मैं राजा बनूँगा।” अत: उसने रथ और सवार और अपने आगे आगे दौड़ने को पचास पुरुष रख लिये। उसके पिता ने जन्म से लेकर उसे कभी यह कहकर उदास न किया था, “तू ने ऐसा क्यों किया।” वह बहुत रूपवान था, और अबशालोम के बाद उसका जन्म हुआ था।” यदि दाऊद ने अबशालोम और अदोनिय्याह को ठीक से नहीं सुधारा, तो हमारे पास यह मानने का क्या आधार है कि उसने अम्नोन को सुधारा होगा? शमूएल ने एली के अपने बेटों पर कमजोर नेतृत्व से कोई सबक नहीं सीखा। और दाऊद ने भी शमूएल के अपने बेटों पर कमजोर नेतृत्व से कोई सबक नहीं सीखा।
स्वयं का बचाव करने की तामार की सारी कोशिशें और दलीलें व्यर्थ चली गईं। अम्मोन की घमण्डी आत्मा उस जीत के सुख से वंचित नहीं रहना चाहती थी, जिसकी वह चाहत रखता था। उसकी अपनी पवित्रता, सुख और सम्मान—वह सब कुछ जो उसे प्रेम लगता था—अम्नोन के लिए कोई अर्थ नहीं रखता था। इस तरह उसने तामार को उसकी सेवा करने की इच्छा का बदला दिया। उसने उसके साथ एक वेश्या जैसा व्यवहार किया। कितना दुष्ट व्यक्ति! परमेश्वर, विनम्र और सदाचारी स्त्रियों को ऐसे दुष्ट, स्वार्थी और विवेकहीन लोगों से बचाए।
यह वासना शायद अचानक पैदा नहीं हुई होगी। आइए देखें कि याकूब क्या कहता है, जिससे हमें अम्नोन की तामार के प्रति तीव्र कामुक इच्छा को समझने में सहायता मिल सकती है। याकूब 1:13-15 में कहा गया है: “13जब किसी की परीक्षा हो, तो वह यह न कहे कि मेरी परीक्षा परमेश्वर की ओर से होती है; क्योंकि न तो बुरी बातों से परमेश्वर की परीक्षा हो सकती है, और न वह किसी की परीक्षा आप करता है। 14परन्तु प्रत्येक व्यक्ति अपनी ही अभिलाषा से खिंचकर और फँसकर परीक्षा में पड़ता है। 15फिर अभिलाषा गर्भवती होकर पाप को जनती है और पाप जब बढ़ जाता है तो मृत्यु को उत्पन्न करता है।” क्या आपने उस वचन में ये शब्द सुने? “जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी ही अभिलाषा से खिंचकर और फँसकर परीक्षा में पड़ता है।” यह एक तेज प्रक्रिया हो सकती है, परन्तु जो व्यक्ति परीक्षा का विरोध करने की कोशिश कर रहा है, उसके लिए यह एक लंबी प्रक्रिया भी हो सकती है। दोनों ही विषयों में, कोई व्यक्ति इस प्रक्रिया को आरम्भ चरण में ही कैसे रोक सकता है?
यहाँ परीक्षा का विरोध करने के बारे में सबसे लोकप्रिय वचनों में से एक है—जो वास्तव में एक प्रतिज्ञा है। यह बात चाहे पाप करने की परीक्षा पर लागू हो, या किसी परीक्षा या समस्या के तनाव और दबाव में गलत प्रतिक्रिया न देने की परीक्षा पर। 1 कुरिन्थियों 10:13 कहता है, “तुम किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़े, जो मनुष्य के सहने से बाहर है। परमेश्वर सच्चा है और वह तुम्हें सामर्थ्य से बाहर परीक्षा में न पड़ने देगा, वरन् परीक्षा के साथ निकास भी करेगा कि तुम सह सको।”
हम इस कहानी से तीन बातें सीख सकते हैं। 1. पाप के परिणाम निकलते हैं। दाऊद के पाप की कारण से ही उसके परिवार में तलवार आ गई। 2. मसीही अगुवों को अपने बच्चों को सुधारना और उन्हें अनुशासन में रखना चाहिए। 3. हमें अच्छी संगति में रहना चाहिए। अम्नोन के चचेरे भाई योनादाब ने निश्चित रूप से अम्नोन को अच्छी सलाह नहीं दी। 4. मसीही अगुवों पर अपने बच्चों को अनुशासन में रखने की दोहरी जिम्मेदारी होती है।